चौकी प्रभारी निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई:विवेचना में लापरवाही बरतने पर विभागीय जांच शुरू

मऊ जिले में विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोप में कुर्थीजाफरपुर चौकी प्रभारी भास्कर राय को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक इलामारन ने यह कार्रवाई कोपागंज थाना क्षेत्र के सोड़सर गांव में हुई मारपीट और फायरिंग की घटना की जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद की है। यह मामला 19 अप्रैल 2025 का है, जब सोड़सर गांव में पट्टीदारों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले की जांच को लेकर उच्चाधिकारियों के पास शिकायतें पहुंची थीं कि विवेचना तय मानकों के अनुरूप नहीं की जा रही है। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की समीक्षा कराई। समीक्षा के दौरान विवेचना में गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके बाद चौकी प्रभारी भास्कर राय के निलंबन का आदेश जारी किया गया। साथ ही, मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक इलामारन ने स्पष्ट किया है कि गंभीर आपराधिक मामलों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को भविष्य में ऐसी चूक से बचने के लिए सतर्कता बरतने की चेतावनी भी दी है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक भास्कर राय कुर्थीजाफरपुर पुलिस चौकी पर तैनात थे। उन्होंने एक विवेचना में घोर अनियमितता बरती थी, जिसका संज्ञान पुलिस अधीक्षक इलामारन ने लिया। भास्कर राय को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।