छत पर कपड़े सुखाने गई विवाहिता की गिरकर मौत:संभल के गुमसानी गांव में हुई घटना, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गुमसानी गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुमसानी निवासी गौरव की शादी कुंदरकी थाना क्षेत्र के जैतिया फिरोजपुर गांव निवासी कविता से हुई थी। परिजनों के मुताबिक कविता का इलाज कुंदरकी में चल रहा था। सोमवार देर शाम वह अपने पति के साथ गुमसानी में महाशिवरात्रि का मेला देखकर लौटी थी। कपड़े सुखाते समय हुआ हादसा मंगलवार शाम 6 बजे कविता कपड़े सुखाने के लिए छत पर गई थी। इसी दौरान वह अचानक गिरकर अचेत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग जब छत पर पहुंचे तो वह बेसुध पड़ी थी। आनन-फानन में एक निजी चिकित्सक को बुलाया गया, जिसने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप घटना की सूचना ससुराल पक्ष ने मायके वालों को दी। मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या का आरोप लगाते हुए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी मोहित चौधरी और क्षेत्राधिकारी असमोली कुलदीप कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।