छात्रा का होमवर्क न पूरा होने पर हाथ तोड़ा:टीचर की मां को धमकी- कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी, फतेहपुर में 30 पाइप मारे

फतेहपुर में सरकारी टीचर ने 8वीं की छात्रा का पीट-पीटकर हाथ तोड़ दिया। लड़की ने होमवर्क पूरा नहीं किया था। इससे गुस्साए टीचर ने प्लास्टिक के पाइप से उसके हाथ पर 25-30 वार किए। छात्रा चिल्लाती रही लेकिन टीचर नहीं रुका। उसने कहा- चाहे जिससे शिकायत कर दो। कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर थरियांव के जूनियर हाईस्कूल लतीफपुर, भिठौरा की है। छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बीएसए ने मामले में खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने टीचर के खिलाफ FIR दर्ज की है। 2 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से… थरियांव के करमचंद्रपुर सांडा गांव के रहने वाले याकूब की बेटी नौशीन फातिमा भिठौरी के लतीफपुर जूनियर हाईस्कूल में पढ़ती है। 8वीं की छात्रा ने बताया- वह सोमवार को इंग्लिश ट्रांसलेशन का होमवर्क करना भूल गई थी। दोपहर 12 से 1 बजे के बीच पीरियड में अंग्रेजी के टीचर अरुण ने पूछा- होमवर्क क्यों नहीं पूरा हुआ? मैंने जवाब दिया कि मास्टर साहब भूल गई थी। यह सुनते ही वह मेरे ऊपर आगबबूला हो गया। उन्होंने क्लास के कोने में रखी प्लास्टिक की पाइप उठाई। इसके बाद पूरी क्लास के बच्चों के सामने मुझे पीटना शुरू कर दिया। डेढ़ मिनट में छात्रा को 30 पाइप मारे मैंने मास्टर साहब से कई बार सॉरी बोला। उनसे कहा- आगे से गलती नहीं होगी। लेकिन उन्होंने मेरी एक न सुनी। डेढ़ मिनट में ही मुझे प्लास्टिक पाइप से 25-30 बार मारा। मेरे पूरे शरीर पर से पिटाई के निशान छप गए। छात्रा की मां सोनी ने बताया- स्कूल से घर लौटने के बाद नौसीन दो दिनों तक दर्द से कराहती रही। उसके हाथ में काफी सूजन आ गई थी। बुधवार को हमने पास के निजी अस्पताल में एक्सरे कराया। डॉक्टरों ने बताया कि हाथ में फ्रैक्चर है। इसी दौरान किसी ने बेटी का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। टीचर मां से बोला- यहां से भाग जाओ
सोनी ने बताया- बुधवार को फ्रैक्चर निकलने के बाद मैं बेटी को लेकर स्कूल पहुंची। मास्टर अरुण से शिकायत की तो वह उल्टा मुझे ही धमकाने लगा। बोला- हां मैंने ही तुम्हारी बेटी को मारा है, क्या कर लोगी मेरा। जहां भी मेरी शिकायत करनी है, कर दो। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। चुपचाप यहां से भाग जाओ। स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मैं बुधवार को थरियांव की हंसवा चौकी पहुंची। वहां आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। बीएसए भारती त्रिपाठी ने कहा- छात्रा की पिटाई मामले की जानकारी मिली है। खंड शिक्षा अधिकारी, भिटौरा को जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में गलती पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। —————————- ये खबर भी पढ़िए… कानपुर में कोयला जलाकर सो रहे 4 दोस्तों की मौत:ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाई थी; कमरा छोटा था, दम घुट गया कानपुर में एक कमरे में सो रहे चार दोस्तों के शव गुरुवार सुबह मिले। बताया जा रहा है कि ठंड के कारण उन्होंने तसले में कोयला जलाया था। कमरे को अंदर से बंद कर सो गए थे। शुरुआती जांच के मुताबिक, चारों की मौत दम घुटने से हुई है। पनकी थाना के इंडस्ट्रियल एरिया में रहने वाले ये चारों दोस्त गुरुवार सुबह काफी देर तक नहीं उठे। पास में रहने वाले साथियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पढ़िए पूरी खबर…