प्रयागराज में कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा को शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। छात्रा साइकिल के साथ 25 फीट दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कमर से नीचे की बॉडी 7 हिस्सों में बंट गई। 16 साल की प्राची यादव के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए थे। शव देखकर पिता और मां बेहोश हो गए। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए परिजनों ने फैसला किया कि शव को गांव न ले जाया जाए। इसके बाद पुलिस ने चादर में लपेटकर शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवाया। शव देखकर पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों का कलेजा कांप गया। शव के चार बड़े और तीन छोटे टुकड़ों को सिलाई कर एक साथ जोड़ा गया। पोस्टमॉर्टम करने में तीन घंटे से ज्यादा लग गए। शाम 7:30 बजे फाफामऊ घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। हादसे की वजह से गांव में चूल्हे तक नहीं जले। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे फूलपुर थाना क्षेत्र में हुआ। भीड़ ने ट्रक ड्राइवर इंद्रजीत को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर थाने भेजा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 5 घंटे तक हंगामा किया। फिलहाल, छात्रा के पिता आनंद बहादुर की शिकायत पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए- कोचिंग पहुंचने से चंद कदम पहले हादसा
फूलपुर थाना क्षेत्र के आलेमऊ गांव निवासी आनंद बहादुर यादव खेती करते हैं। उनके दो बेटे प्रशांत और प्रफुल्ल हैं। प्राची इकलौती बेटी थी। वह आदर्श इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा थी। उसने पिछले साल हाईस्कूल की परीक्षा में 85% अंक हासिल किए थे। प्राची शुक्रवार सुबह 6:30 बजे कोचिंग के लिए फूलपुर के मैलहन जा रही थी। कोचिंग से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे ट्रक (UP70CT6566) ने उसे टक्कर मार दी। छात्रा का बैग और किताबें सड़क पर बिखर गईं। भीड़ ने आरोपी को पीटा, ट्रक में तोड़फोड़
हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन लोगों ने बाइक से पीछा कर उसे पकड़ लिया। ट्रक छोड़कर भागने की कोशिश में उसे खेतों के पास दबोच लिया और पिटाई की गई। भीड़ ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए, पहियों की हवा निकाल दी और उसमें लदी मैदे की बोरियां सड़क पर उतारकर जाम लगा दिया। 5 घंटे तक चला हंगामा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को भीड़ से छुड़ाकर थाने भेजा। हालात की गंभीरता को देखते हुए ACP फूलपुर विवेक यादव मौके पर पहुंचे और चार थानों की फोर्स बुलाई गई। मां गुड्डी देवी रोते हुए कहती रहीं- मेरी बेटी को मार डाला। ACP ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन और ग्रामीण DM को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में सपा विधायक विजमा यादव और फूलपुर चेयरमैन अमरनाथ यादव भी मौके पर पहुंचे। काफी मान-मनौव्वल के बाद लोग शांत हुए। इस दौरान वीडियो बनाने पर भीड़ ने तीन लोगों के साथ मारपीट भी की। ———————- ये खबर भी पढ़िए- सुप्रीम कोर्ट ने इच्छामृत्यु दी, नई जिंदगी देने पहुंचे बाबा: गाजियाबाद में बोले- मेरी जड़ी-बूटी ठीक कर देगी; पिता ने लौटाया “मैं राजस्थान से आया हूं। मेरी बनाई देसी दवा की पुड़िया से आपके बेटे को नई जिंदगी मिल सकती है। आप चाहें तो इसे एम्स के डॉक्टर से दिलवा दें।” एक बाबा का ये दावा सुन गाजियाबाद के रहने वाले अशोक राणा भावुक हो गए। बोले- शब्दों में बयां नहीं कर सकता 13 साल से बेटे को जिंदा लाश की तरह देखना कितना दर्दनाक रहा है। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कुछ नहीं। गाजियाबाद के रहने वाले हरीश राणा लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं। कोर्ट ने इच्छामृत्यु की इजाजत दे दी है। दैनिक भास्कर की टीम गाजियाबाद की राज एंपायर सोसाइटी पहुंची, जहां 13वीं मंजिल पर अशोक राणा रह रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…