छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में मंगलवार को “श्री सीमेंट” की वर्चुअल कैंपस ड्राइव सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल के सहयोग से अंतिम वर्ष के B.Tech छात्रों को रोजगार के सुनहरे अवसर मिले। ड्राइव का आयोजन 19 जनवरी 2026 को किया गया था। चयन प्रक्रिया में कुल 5 राउंड शामिल थे। एप्टीट्यूड टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन, तकनीकी राउंड और एचआर इंटरव्यू। इस प्रक्रिया के बाद छात्रों को 5.00 लाख रुपये वार्षिक CTC के पैकेज पर नौकरी के प्रस्ताव मिले। इस ड्राइव में B.Tech MEE के छात्र श्रजल कटियार का चयन हुआ। श्रजल ने बताया कि “पहले राउंड का एप्टीट्यूड टेस्ट थोड़ा चुनौतीपूर्ण था, लेकिन तैयारी और आत्मविश्वास ने मुझे आगे बढ़ने में मदद की। 5 लाख रुपये का पैकेज पाकर बहुत खुशी हुई।” इसी तरह, B.Tech ECE के छात्र अपूर्व भदोरिया ने भी अपनी सफलता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “वर्चुअल इंटरव्यू अनुभव बहुत अच्छा रहा। तकनीकी राउंड और HR राउंड में अपनी योग्यता दिखाना मेरे लिए रोमांचक अनुभव था। 5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मेरे करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।” इस ड्राइव में 10 छात्रों का चयन हुआ जबकि 1 छात्रा को प्रतीक्षा सूची में रखा गया। B.Tech CHE के छात्रों में सतीश कुमार वर्मा, जैद खान और इकरा निसार भी चयनित हुए। डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने छात्रों को मेहनत और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और बताया कि ऐसे वर्चुअल ड्राइव्स छात्रों के करियर को नई दिशा देते हैं। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र वालंटियर्स ने भी सक्रिय योगदान दिया। उनके सहयोग से आयोजन पूरी तरह अनुशासित और सफल रहा। सफल छात्रों की इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय में उत्साह और प्रेरणा का माहौल बना दिया है।