छात्र को 33 बेल्टें मारी, 12 थप्पड़ जड़े, VIDEO:कानपुर में कांस्टेबल के बेटे समेत 6 लड़कों ने 1 घंटे तक पीटा, बोले- चेहरे पर मांस नहीं बचेगा

कानपुर में कांस्टेबल के बेटे ने 6 दोस्तों के साथ मिलकर एक छात्र की बेल्टों से पिटाई की। पार्क में पकड़कर करीब 1 घंटे में 33 बार बेल्ट से मारा और 12 थप्पड़ जड़े। इसके बाद छात्र से कान पकड़कर माफी मंगवाई। पीटने के बाद आरोपियों ने छात्र को धमकाते हुए कहा- ये तीन शक्लें पहचान लो, बाबूपुरवा में जीना दुश्वार कर देंगे… चेहरे पर मांस नहीं बचेगा। छात्र के परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने पहुंचे, तो युवक के पिता ने दबाव बनाते हुए समझौता करा दिया। मामला एक महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पुलिस ने परिजनों से शिकायत करने को कहा है। घटना बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के सेंट्रल पार्क की है। 2 तस्वीरें देखिए… बैडमिंटन खेलने के दौरान कांस्टेबल के बेटे से हुआ था झगड़ा बाबूपुरवा कॉलोनी के रहने वाले स्तुति ने बताया- मेरा भतीजा अविरल पांडेय किदवई नगर स्थित राष्ट्रीया इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र है। 14 जनवरी को अविरल अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने गया था। वहां कांस्टेबल के बेटे से अविरल के दोस्तों का झगड़ा हो गया। बीच-बचाव करने पर कांस्टेबल के बेटे ने अविरल के साथ मारपीट की। इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने झगड़ा शांत करा दिया। लेकिन कांस्टेबल का बेटा दुश्मनी मानने लगा। स्तुति ने कहा- घटना के 3 दिन बाद बीते 17 जनवरी को मेरा भतीजा अविरल दवा खरीदने जा रहा था। इस दौरान युवक हिस्ट्रीशीटर फुरकान के 6 साथियों के साथ आया। वह अविरल को जबरन नया सेंट्रल पार्क ले गया। वहां छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए करीब 1 घंटे तक अविरल को पीटा। पिटाई के 4 वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में क्या दिख रहा… वीडियो में दिख रहा है- 6 सेन अधिक युवक अविरल को बेल्ट और थप्पड़ से मार रहे हैं। थप्पड़ मारने के दौरान एक युवक अविरल से कहता है- अभी कड़ा चलेगा तो दिक्कत में आ जाओगे। इसके बाद युवक अविरल पर माफी मांगने को कहते हैं, जिस पर अविरल कान पकड़कर सॉरी बोलते हुए उठक–बैठक करते हुए दिख रहा है। युवकों का इतने से भी मन नहीं भरता और वह अविरल पर एक बार फिर थप्पड़ और बेल्ट बरसाते हैं। इसके बाद युवक उसका मुंह दबाकर कहता है- बाबूपुरवा में जीना दुश्वार कर देंगे, ये तीन शक्लें पहचान लो। मेरे मोहल्ले में रहते हो और हमको ही मारोगे, इतना मारूंगा कि चेहरे पर मांस नहीं बचेगा। कांस्टेबल पिता ने दबाव बनाकर समझौता कराया अविरल के परिजनों ने कहा- बाबूपुरवा पुलिस से मामले की शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थाने में आरोपी युवक के कांस्टेबल पिता ने पुलिस के साथ मिलकर जबरन दबाव बनाकर समझौता करा दिया। समझौता न करने पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करने की धमकी भी दी थी। परिजनों ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद कुछ पुलिसकर्मी उनके घर आए और जल्दी से थाने आकर शिकायत करने को कहा है। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो एनएलसी चौकीक्षेत्र के नया सेंट्रल पार्क है। वीडियो करीब एक महीने पुराना है, मामले की शिकायत आई थी, लेकिन दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर कार्रवाई न करने की बात कही थी। वहीं, डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया- मामला श्रम विभाग की कॉलोनी में खिड़की लगवाने को लेकर विवाद का है। दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। मारपीट का वीडियो करीब 1.5 माह पहले का है। मामले में लापवाही बरतने पर एनएलसी चौकी प्रभारी संदर्भ शेखर को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ———————— ये खबर भी पढ़ें लावारिस लाश का अंतिम संस्कार, जिंदा आदमी मुर्दा बना:कानपुर में युवक का आधार, DL कैंसिल, अस्पताल बोला- मेरे बस में नहीं है
कानपुर में जिंदा युवक को मुर्दा बनाने का मामला सामने आया है। लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार कराने वाले जिंदा गौरव शाहू का स्वास्थ्य विभाग ने 12 सितंबर 2025 को डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया। इस बात की जानकारी गौरव को जनवरी महीने में हुई। जब उसका नाम राशन कार्ड से कट गया। गौरव ने कहा- मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में लापरवाही से मुझे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। जब मैं सुधार कराने गया तो अस्पताल प्रशासन ने कह दिया कि “ये हमारे बस में नहीं है।” अब अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हूं। पढ़ें पूरी खबर…