जनता दर्शन में सीएम योगी से मिले फरियादी:बच्चों से कहा- किताबें पढ़ें, सोशल मीडिया और मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करें

लखनऊ में सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर भरोसा दिलाया कि सरकार सभी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोग निश्चिंत होकर घर जाएं, उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश मुख्यमंत्री ने जनपदों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह जनता दर्शन के दौरान कुछ अभिभावक अपने बच्चों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे पढ़ाई के बारे में बातचीत की। एक बच्चे से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किताबें पढ़ने की आदत डालें और सोशल मीडिया का उपयोग जरूरत भर ही करें। उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया का अत्यधिक प्रयोग नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए पढ़ाई और सकारात्मक गतिविधियों पर अधिक ध्यान देना चाहिए। निवेश और उद्योग विकास में देरी स्वीकार नहीं कार्यक्रम में दो उद्यमियों ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बेहतर माहौल तैयार किया है और सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेश और उद्योग विकास से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।