बाराबंकी जिले के थाना लोनी कटरा क्षेत्र में स्थित बारा टोल प्लाजा पर बुधवार दोपहर जनसत्ता दल के झंडे लगी दो लग्जरी गाड़ियां बिना टोल चुकाए निकल गईं। इस दौरान टोल कर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रही दो गाड़ियां, जिनके नंबर UP32 QL 3113 और UP32 KU 4666 थे। बारा टोल प्लाजा पर पहुंचीं। आगे चल रही फॉर्च्यूनर कार के बोनट पर फूल-माला सजी हुई थी। इसमें सवार एक व्यक्ति ने खुद को जनसत्ता दल का पदाधिकारी बताते हुए टोलकर्मी से बैरियर हटाने को कहा। टोल कर्मी द्वारा मना करने पर नेता और उनके समर्थकों ने विवाद शुरू कर दिया। दोनों वाहनों के सवारों ने टोल कर्मचारियों से धक्का-मुक्की की और बूम बैरियर तोड़ते हुए बिना टोल चुकाए आगे बढ़ गए। टोल प्लाजा के मैनेजर जगमोहन सिंह ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत के साथ थाने में तहरीर दी गई है। उन्होंने पुष्टि की कि टोल कर्मियों से बदसलूकी करने वाले लोग खुद को जनसत्ता दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बता रहे थे, जिनके वाहनों पर पार्टी का झंडा लगा था।