जनसभा अनुमति नहीं मिलने पर आजाद समाज पार्टी में आक्रोश:संतकबीरनगर में कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे, सीओ ने कराया शांत

संतकबीरनगर में जनसभा की अनुमति न मिलने से नाराज आजाद समाज पार्टी (आसपा) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को हंगामा किया। कार्यकर्ता स्टेडियम गेट से पैदल मार्च करते हुए एसपी कार्यालय तक पहुंचे और कोतवाली परिसर में आक्रोश जताया। सूचना मिलने पर सीओ सदर अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपा के प्रदेश महासचिव डॉ. मोहम्मद याकिब और अन्य कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। सीओ सदर ने बताया कि अनुमति पत्र में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी न होने के कारण फिलहाल जनसभा की अनुमति नहीं दी गई है। आसपा के प्रदेश महासचिव डॉ. मोहम्मद याकिब ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद रावण का 8 फरवरी को संतकबीरनगर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिलाध्यक्ष राम प्रसाद राव ने 17 जनवरी को जनसभा की अनुमति के लिए प्रशासन और पुलिस को लिखित सूचना दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 18 दिन बीत जाने के बाद भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला, जिससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी रही और उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। याकिब ने चेतावनी दी कि यदि जनसभा की अनुमति नहीं मिली पार्टी के निर्देश पर कड़ा कदम उठाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सीओ सदर अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि आयोजकों से कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में 5-6 बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक विवरण उपलब्ध कराए जाने के बाद ही जनसभा की अनुमति पर विचार किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष राम प्रसाद राव, पूर्व जिलाध्यक्ष सोनू राव, संदीप कुमार, अवनीश कुमार, सूरज राव, राघवेंद्र प्रताप, आज्ञाराम चौधरी, अमरनाथ बागी, अरविंद कुमार, मंगल सिंह राव, अनिल कुमार और विकास कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।