महराजगंज जनपद के कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्रामसभा जहदा में एक होमगार्ड की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना शुक्रवार देर शाम करीब 8:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि होमगार्ड पर उसके पट्टीदारों ने पुरानी ज़मीनी रंजिश के चलते हमला किया। जहदा निवासी राकेश चौधरी कोठीभार थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उनका अपने पट्टीदारों के साथ ज़मीनी विवाद को लेकर कई सालों से रंजिश चल रही थी, जिसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब आठ बजे राकेश ड्यूटी के दौरान गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पट्टीदार पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले का वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यह मामला होमगार्ड और उसके पट्टीदारों के बीच पुरानी ज़मीनी रंजिश से जुड़ा है। पुलिस दोनों पक्षों से विस्तृत पूछताछ कर रही है।