जमीन विवाद को लेकर युवक को पीटा, VIDEO:बातचीत करने के बहाने बुलाया था, सभासद समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की सरेराह पिटाई का मामला सामने आया है। यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक सभासद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह विवाद मोहल्ला महतवाना निवासी अनुज जायसवाल और मोहल्ला बड़ा कुआं निवासी मन्नान अहमद, सभासद आफताब तथा भोलू के बीच करीब एक हजार वर्गफीट जमीन को लेकर है। पीड़ित अनुज जायसवाल ने आरोप लगाया है कि रविवार को तीनों आरोपी उसके घर आए और बातचीत के बहाने उसे स्टेशन रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास बुलाया। अनुज के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अनुज ने इसका विरोध किया, तो तीनों ने मिलकर उसे सड़क पर पीटा। स्थानीय लोगों और राहगीरों के मौके पर जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली में सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।