जमीन विवाद में किसान ने फांसी लगाकर दी जान:धोखाधड़ी कर हड़पी जमीन, जान से मारने की धमकी से था परेशान

कानपुर देहात के अमरौधा थाना भोगनीपुर क्षेत्र में जमीन धोखाधड़ी और धमकियों से परेशान होकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। वार्ड जुलैठी निवासी राकेश कुमार संखवार ने अपने घर में मफलर से फंदा बनाकर जान दे दी। मृतक की मां सावित्री देवी ने राकेश द्वारा आत्महत्या करने की पुष्टि की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण फांसी लगना स्पष्ट हुआ है। मृतक के भतीजे सोनू पुत्र रामकिशोर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि चाचा राकेश के पास दो प्लॉट थे। एक प्लॉट पहले ही बिक चुका था, जबकि दूसरे प्लॉट को लेकर अशोक पुत्र ठाकुर से बात चल रही थी। आरोप है कि इसी बहाने अशोक चार महीने पहले राकेश को तहसील भोगनीपुर ले गया और प्लॉट के साथ-साथ डेढ़ बीघा कृषि भूमि भी अपने नाम करा ली। परिजनों को जब इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने राकेश से बात की। राकेश ने बताया कि उन्होंने केवल प्लॉट ही बेचा था। जब इस संबंध में अशोक से सवाल किया गया, तो उसने जान से मारने की धमकी देते हुए दोबारा घर न आने की चेतावनी दी। परिजनों के अनुसार, राकेश कम पढ़े-लिखे थे और इस घटना के बाद से गहरे मानसिक तनाव में थे। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि परिजन जमीन से जुड़ा मामला बता रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।