जर्मन दूल्हे ने फिरोजाबाद की युवती से की शादी:हाथों में दुल्हन के नाम की मेंहदी लगाई, कहा- भारत की मेहमाननवाजी को शब्दों में कहना मुश्किल

फिरोजाबाद में एक अनोखा विवाह संपन्न हुआ, जहां जर्मनी के गुस्ताव ने भारतीय युवती खुशी के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की। यह विवाह समारोह सैकड़ों लोगों और विदेशी मेहमानों की उपस्थिति में हुआ, जिन्होंने भारतीय परंपराओं का अनुभव किया। जर्मनी निवासी गुस्ताव भारतीय परिधान शेरवानी और साफा पहनकर बारात लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने हाथों में पत्नी खुशी के नाम की मेहंदी भी रचाई। दुल्हन खुशी पारंपरिक लाल जोड़े में सजी थीं। वरमाला, सात फेरे और विदाई जैसी सभी रस्में विधि-विधान से पूरी की गईं। पहले शादी की 5 तस्वीरें देखिए… दुल्हन की चाची ज्योति ने बताया कि खुशी जयपुर में एक जर्मन कंपनी में काम करती हैं। वर्ष 2023 में गुस्ताव भारत भ्रमण पर आए थे और उन्होंने राजस्थान, दिल्ली व आगरा की यात्रा की। जयपुर के एक होटल में उनकी पहली मुलाकात खुशी से हुई थी, जब खुशी स्विमिंग पूल में तैरना सीख रही थीं। यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। विवाह समारोह में शामिल विदेशी मेहमान भारतीय संस्कृति और परंपराओं में पूरी तरह सराबोर नजर आए। भाषा की बाधा को दूर करने के लिए चार ट्रांसलेटर बुलाए गए थे, ताकि दोनों परिवारों और मेहमानों को संवाद में कोई असुविधा न हो। भारत और यहां की मेहमाननवाजी के बारे में पूछे जाने पर गुस्ताव ने कहा- “भारत एक बहुत बड़ा और विविधताओं से भरा देश है। हर शहर और हर जगह अलग है। कुछ अनुभव अलग रहे, लेकिन ज्यादातर लोग मेरे और मेरे परिवार के प्रति बेहद अच्छे और स्नेही रहे। यही बात मुझे भारत के बारे में सबसे ज्यादा पसंद है, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। खासकर शिकोहाबाद जैसा छोटा शहर बहुत प्यारा है।” दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी के इस पल को साझा किया। स्थानीय लोग भी इस अनूठे अंतरराष्ट्रीय विवाह को देखने पहुंचे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया।