महोबा के जैतपुर विकासखंड स्थित नगारा डांग गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी में पहली बार पानी भरने पर रिसाव का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने निर्माण में अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है, जबकि प्रशासन ने इसे ओवरफ्लो बताया है। ग्रामीणों के अनुसार, 13 फरवरी को करीब 750 घरों में जलापूर्ति के उद्देश्य से टंकी को पहली बार भरा गया था। प्रधानपति अवधेश राजपूत का दावा है कि पानी भरते ही टंकी में दरारें पड़ गईं और पानी बहने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के केवल 45 घरों तक ही पाइपलाइन पहुंची है। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम ने आरोपों को निराधार बताया। उनके अनुसार यह टंकी धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना का हिस्सा है और पिछले 10 महीनों से सुचारू रूप से संचालित है। प्रशासन का कहना है कि जांच में टंकी के ढांचे में कोई दरार नहीं पाई गई है और वायरल वीडियो में दिख रहा पानी ओवरफ्लो का है, जो टंकी के ऊपर से बहा। विभाग ने यह भी बताया कि थर्ड पार्टी एजेंसी ‘सेन्सिस’ द्वारा गुणवत्ता प्रमाणित की जा चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है। इसमें नमामि गंगे विभाग के एडीएम और लोक निर्माण विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं। समिति मौके पर जाकर विस्तृत तकनीकी जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट जल्द सौंपेगी।