दिल्ली में हुए हालिया ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में जालौन पुलिस ने भी जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देश पर गुरुवार शाम उरई मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर बैरियर लगाकर वाहनों की गहन जांच की। जनपदीय सीमाओं पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन के प्रवेश को रोका जा सके। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। इस चेकिंग अभियान में पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर काली फिल्म लगाकर चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। ऐसे वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म हटवाई गई और उनके चालान भी किए गए। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि जिले में सुरक्षा को लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है। सभी थाना क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और रात की गश्त भी बढ़ाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली की घटना के मद्देनजर जिले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।