जालौन में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, VIDEO:लाखों का सामान जलकर राख, पुलिस जांच में जुटी

जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम शॉर्ट सर्किट के कारण एक दुकान में भीषण आग लग गई। कोंच रोड स्थित मधुवन विला के पास हुई इस घटना में दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
शाम करीब 5 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के समय सड़क से गुजर रहे राहगीर भी प्रभावित हुए और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।