जालौन जनपद में बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों को 1 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। यह आदेश जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, निजी, सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। जारी आदेश के अनुसार, जालौन में 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। अत्यधिक ठंड और शीतलहर के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने शीतलहर से बचाव के लिए जनपद स्तर पर व्यापक इंतजाम करने के निर्देश भी जारी किए हैं। उन्होंने जिले की सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अलाव और कंबल वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोता हुआ न मिले। इसके लिए सभी रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाएं जैसे कंबल, गर्म पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को रात्रि के समय भ्रमणशील रहकर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले में सोने को मजबूर न हो। डीएम ने यह भी कहा कि शीतलहर के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से रैन बसेरों और अलाव स्थलों का निरीक्षण करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि ठंड के कारण किसी भी व्यक्ति को जान-माल की हानि न हो।