जिला अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में लगी आग:मैनपुरी में फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर पाया काबू, जांच में जुटी पुलिस

मैनपुरी के जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस देखते ही देखते लपटों से घिर गई। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एंबुलेंस काफी समय से अस्पताल के पिछले हिस्से में खड़ी थी। मंगलवार को उसमें से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय एंबुलेंस में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से अस्पताल परिसर में खड़ी अन्य गाड़ियों और बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। जिला अस्पताल प्रशासन ने इस घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। पुलिस और दमकल विभाग दोनों ही आग लगने के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रहे हैं।