आजमगढ़ जिले के मंडलीय अस्पताल में गुरुवार को चिकित्सक व सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और बुजुर्ग महिला का हाथ मरोड़ने का मामला सामने आया है। इस मामले में बुजुर्ग महिला के बेटे ने मंडलीय चिकित्सा अधिकारी से मामले में कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। मंडलीय चिकित्सा अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में पीड़ित बेटे ने आरोप लगाया है कि मेरी मां जिनकी उम्र 82 वर्ष से अधिक है के साथ मारपीट की गई। जिससे बुजुर्ग मां को भी चोट लगी। बेटे ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने सिर्फ मां के हाथ का एक्स-रे कराने की बात कही। इसी को लेकर चिकित्सक और सुरक्षाकर्मियों ने मारपीट की। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसआईसी ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है। यह है पूरा मामला
आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह परिहार, जो खुद को करणी सेना भारत के पूर्वांचल अध्यक्ष बताए जा रहे हैं। देवेंद्र सिंह ने बताया कि मां सावित्री देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। उनकी मां एक दुर्घटना में घायल हो गई थीं। जिस कारण उनके हाथ में चोट लग गई थी। देवेंद्र सिंह का कहना है कि वह अपनी मां को लेकर जिला अस्पताल के कमरा नंबर 26 में डॉक्टर विनोद को दिखाने पहुंचे। उनका आरोप है कि चिकित्सक ने मरीज को ठीक से देखे बिना ही प्लास्टर कराने के लिए भेज दिया। इस पर उन्होंने डॉक्टर से कहा कि पहले एक्स-रे कराकर जांच कर ली जाए। उसके बाद ही प्लास्टर किया जाए। पीड़ित का आरोप है कि इतना सुनते ही डॉक्टर भड़क गए और उन्हें वहां से भगा देने की बात कहने लगे। जब उन्होंने कहा कि आप इमरजेंसी के डॉक्टर हैं तो मरीज को क्यों भगा रहे हैं। तभी डॉक्टर ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी भी आ गए और उन्होंने भी मारपीट शुरू कर दी। देवेंद्र सिंह का कहना है कि इस दौरान उनकी मां के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उनका हाथ मरोड़ दिया गया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस मामले में मंडलीय चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सतीश चंद्र कनौजिया का कहना है कि पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। यदि मामले में किसी के लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।