मुजफ्फरनगर में कार सवारों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। उनकी वर्दी फाड़ डाली। पुलिस कर्मी ने रॉन्ग साइड से आने पर उन्हें रोका था। कार सवार युवक झगड़े के बाद गाड़ी लॉक कर मौके से भागे। इस दौरान कार में सो रही 4 साल की बच्ची अंदर ही रह गई। बच्ची की मां उसे बाहर निकालने के लिए छटपटाने लगी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। चीख-चीख कर रो रही बच्ची की मां को चुप कराया। पुलिस कर्मियों ने कार का शीशा तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला। उसे मां को सौंप दिया। पुलिसकर्मी से मारपीट का आरोप बच्ची के पिता और उसके दोस्त पर लगा है। घटना के वक्त ट्रैवल की अर्टिगा कार में 5 लोग मौजूद थे। इनमें ड्राइवर के अलावा बच्ची, उसके माता-पिता और पिता का दोस्त मौजूद थे। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। अब पढ़िए पूरा मामला… सोमवार दोपहर करीब 11 बजे चंद्रा सिनेमा चौराहे के पास ट्रैफिक पुलिसकर्मी जामीन अली ने रॉन्ग साइड से आ रही कार को रोका। कार पर दिल्ली की नंबर प्लेट लगी हुई थी। कार के रुकते ही उसमें सवार लोगों ने पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिसकर्मी ने चालान काटने की बात कही तो वे उन पर टूट पड़े। कार सवारों ने जामीन अली से पहले गाली-गलौच की। उसके बाद मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। हालात बिगड़ते देख ड्राइवर मौके से कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जब कार की जांच की तो अंदर 4 साल की बच्ची गहरी नींद में मिली। लॉक कार के पास खड़ी बच्ची की मां उसे बाहर निकालने के लिए छटपटा रही थी। कोतवाल बोले- बच्ची की जान जा सकती थी कोतवाली प्रभारी बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि बच्ची कार में लॉक रह गई थी। कार का कोई भी शीशा नहीं खुला हुआ था। ऐसे में उसकी जान जाने का भी जोखिम था। हम लोगों ने कार का शीशा तुड़वा कर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकला। कार को कब्जे में ले लिया गया है। जांच में फरार चालक की पहचान दिल्ली के शाहदरा इलाके के पते से हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दिल्ली रवाना कर दी गई है। छठी में शामिल होने आया था परिवार
कार में सवार महिला ने बताया कि हम लोग दिल्ली के रहने वाले हैं। एक रिश्तेदार के यहां छठी संस्कार का कार्यक्रम पड़ा था। इसी में शामिल होने के लिए हम लोग मुजफ्फरनगर आए थे। तभी ये सारा बवाल हो गया। झगड़े के बाद मेरी बेटी कार के अंदर ही सोते वक्त बंद हो गई थी। पुलिस वालों ने उसे शीशा तोड़ कर बाहर निकाला है। ———————————————————– ये भी पढ़ें… मौत से पहले ट्रांसपोर्टर ने खून से लिखा-B2:काशी में रेस्टोरेंट की 5वीं मंजिल से गिरा, भाई बोला-बाउंसरों ने फेंका वाराणसी के एक रेस्टोरेंट की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरकर ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। ट्रांसपोर्टर के भाई का आरोप है कि बाउंसरों ने पहले मेरे भाई को पीटा, फिर नीचे फेंक दिया। भाई नीचे सिर के बल गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। इस बीच मेरे भाई का दोस्त मौके से भाग गया। मरने से पहले भाई ने अपने खून से दीवार पर कई बार B2 लिखा। पुलिस B2 का मतलब 2 बाउंसर मान कर चल रही है। पूरी खबर पढ़िए