जुल्फीकार-रोहिल को छह लाख में दी थी सरताज की सुपारी:कपिल और मनोज का सरताज से 37.50 लाख रूपए को लेकर चल रहा था विवाद

हिस्ट्रीशीटर सरताज हत्याकांड का गुरुवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया। हत्या के पीछे का पूरा विवाद साढ़े 37 लाख रुपए से जुड़ा सामने आया है। पुलिस की मानें तो कपिल और मनोज के साथ सरताज का विवाद था। इन दोनों ने ही 6 लाख में जुल्फिकार-रोहिल को सरताज की हत्या की सुपारी दी थी। 5 अक्टूबर को लापता हुआ था सरताज
पुलिस की माने तो मुंडाली के जिसोरा गांव का रहने वाला सरताज 5 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस से खूब मिन्नत की लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। 14 अक्टूबर को सरताज का शव हापुड़-मेरठ के बॉर्डर पर स्थित गांव शरीफपुर के जंगल में मिला था। जिस स्थिति में शव मिला था पुलिस को DNA सैंपल जांच के लिए भेजना पड़ा था। नौ लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी FiR
सरताज का शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिवार ने गांव के ही नौ लोगों के खिलाफ FiR दर्ज कराई लेकिन पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया। CO किठौर पर भी परिजनों ने आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया था। SSP डॉ विपिन ताडा ने इस मामले की जांच एसपी देहात अभिजीत सिंह को सौंपी थी। उन्हीं की देखरेख में पुलिस टीम में काम कर रही थी। बाग दिखाने के बहाने ले गए जंगल
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि सरताज ने कपिल व मनोज के माध्यम से अटोला के ही उपेंद्र से जमीन दिलवाने के लिए 37.50 लाख रुपए लिए थे। सरताज ने उपेंद्र को पैसा नहीं दिया। कपिल और मनोज उससे पैसे वापस मांगते तो सरताज टाल देता था। इससे उनके बीच विवाद रहने लगा। गांव में कई बार दोनों पक्षों में झगड़ा भी हो चुका था। इसी के चलते कपिल और मनोज ने जुल्फे उर्फ जुल्फिकार को 6 लाख रूपए में हत्या की सुपारी दे दी। रोहिल ने उपलब्ध कराया था तमंचा
एसपी देहात की माने तो जुल्फे उर्फ जुल्फिकार ने अपने साथ रोहिल को भी मिल लिया। रोहिल ने ही तमंचे की व्यवस्था की। इसके बाद जुल्फे उर्फ जुल्फिकार अपनी मोटरसाइकिल पर ही सरताज को सिंभावली हापुड़ के जंगल में प्रदीप का बाग दिखाने के बहाने ले गया और हत्या कर दी। शव छिपाने के लिए उसे पास के नाले में फेंक दिया। लंबे समय नाले में पड़ा रहने के कारण शव बुरी स्थिति में पहुंच गया। थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं जुल्फिकार और रोहिल
एसपी देहात ने बताया कि जुल्फिकार और रोहिल शातिर अपराधी हैं। दोनों की मुंडाली थाने में हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। जुल्फिकार के खिलाफ 53 मुकदमे दर्ज हैं, जिसमे हत्या, जानलेवा हमला, गैंग रेप, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धारा में मुकदमे दर्ज हैं। रोहित के खिलाफ भी गंभीर धाराओं के 24 मुकदमे सामने आए हैं। सरताज की हत्या में इनकी हुई गिरफ्तारी :
1.जुल्फे उर्फ जुल्फिकार पुत्र अजहर निवासी ग्राम जिसौरा थाना मुण्डाली जनपद मेरठ (घायल)
2.रोहिल पुत्र जाफर निवासी ग्राम जिसौरा थाना मुण्डाली जनपद मेरठ ।
3.कपिल पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम अटौला थाना मुण्डाली जनपद मेरठ ।
4.मनोज पुत्र रामपाल निवासी ग्राम अटौला थाना मुण्डाली जनपद मेरठ ।