मुजफ्फरनगर में सिंचाई विभाग के जेई को कीचड़ में घुसेड़ कर घुमाया गया। किसान नेता अंकुश चौधरी ने जेई के गले में हाथ डालकर उन्हें कीचड़ में घसीटा। इस दौरान किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। सिर्फ वीडियो बनाते रहे। घटना के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत ठकराल भी वहां मौजूद रहे। खतौली में सोमवार को रजवाहे की सफाई करवाई गई थी। सिंचाई विभाग के कर्मियों ने गंदगी में निकली सिल्ट को वहीं छोड़ दिया। गांव वालों का आरोप है कि जेई अरविंद कुमार मीणा को गंदगी हटवाने के लिए कई बार फोन किया। लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद हम लोगों ने जेई को सबक सिखाने की सोंची। अब पूरा मामला विस्तार से… खतौली में सोमवार शाम रजवाहे की सिल्ट और बड़ी मात्रा में कीचड़ और कचरा निकाला गया था। लेकिन उसे हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इससे रास्ते पर जलभराव और बदबू की स्थिति बन गई। बार-बार मिल रही शिकायत पर बुधवार को सिंचाई विभाग के जेई सचिन पाल मौके का निरीक्षण करने पहुंचे। गुस्साए गांव वालों ने जेई को पकड़ लिया। इसके बाद किसान नेता अंकुश चौधरी ने जेई की गर्दन पकड़कर उन्हें कीचड़ में घसीट लिया। वह जेई को सिल्ट पर चलवाने के साथ खुद भी उसमें चलने लगे। गांव वाले इस दौरान जेई का विरोध करते दिखे। वहां मौजूद लोग इस पूरी घटना का वीडियो बना रहे थे। किसान बोले- JE ने अभद्र भाषा में जवाब दिया किसान रामवीर सिंह ने बताया- हमने कई बार शिकायत की, लेकिन जेई फोन तक नहीं उठाते। सफाई के नाम पर सिर्फ दिखावा होता है। कचरा वहीं पड़ा रहता है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया। जेई मीणा से एक बार फोन पर बात हुई तो उन्होंने अभद्र भाषा में जवाब दिया और धमकी दी। किसान नेता अंकुश प्रधान ने कहा- ठेकेदार और सिंचाई विभाग कर्मचारियों की लापरवाही से ग्रामीण गुस्सा हो गए। खतौली भुड़ से गुजरने वाली रजवाहा की सालाना रूटीन सफाई होने का दावा किया जाता है।कई बार काम रात में कर दिया जाता है। सुबह पता चलता है कि लोगों के घरों में गंदा पानी भर जाता है। ‘अपने पैसों से गंदगी साफ करानी पड़ती है’ ग्रामीणों के मुताबिक, जेई और सिंचाई विभाग कर्मियों ने कहा कि हम ऐसे ही करेंगे। हर साल यही काम दोहराया जाता है। इसके बाद हम लोगों को अपने पैसों से कूड़ा उठवाना पड़ता है। जब हम लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली मंगाकर कूड़े को हटवाने के लिए कहा तो कर्मचारी बोले- पहले दो हजार रुपए दो, तभी कूड़ा उठेगा। भाजपा नगर अध्यक्ष बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत ठकराल ने कहा- बीजेपी सरकार में भी अगर सिंचाई विभाग ऐसे काम करेगा, तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो जनता सड़कों पर उतरेगी। अंकुश प्रधान ने कहा कि कूड़ा जल्दी नहीं हटवाया गया तो किसान यूनियन बड़ा आंदोलन करेगी। वहीं, विभागीय अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। सिंचाई विभाग संघ के अध्यक्ष ने पुलिस में शिकायत की सिंचाई विभाग संघ के अध्यक्ष विनय कुमार कई पदाधिकारियों के साथ थाना खतौली पहुंचे। उन्होंने जेई अरविंद कुमार मीणा और सींचपाल के साथ हुई अभद्रता को लेकर तहरीर दी। इसमें किसान नेता अंकुश प्रधान पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी दस्तावेज फाड़ने और सरकारी कर्मचारी की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। इधर, किसान नेता अंकुश प्रधान ने भी पुलिस में शिकायत की। इसमें कहा कि सरकारी कर्मचारी गांव की महिलाओं और मेरे साथ गाली-गलौच कर रहे थे। घरों में कूड़ा भरने की धमकी दे रहे थे। जिसको लेकर विवाद बढ़ा। थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों ओर से शिकायत मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। ————————————– ये खबर भी पढ़ें… वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला टीम PM मोदी से मिलेगी, दीप्ति बोलीं- उन्हें क्या गिफ्ट दें विमेंस वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीतने के 3 दिन बाद भारतीय महिला टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेगी। टीम मंगलवार की शाम PM मोदी के साथ डिनर करेगी। खिलाड़ी मुंबई से स्पेशल फ्लाइट से दिल्ली पहुंच चुकी हैं।’ मुलाकात को लेकर ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा, ‘हम जल्द तय करेंगे कि प्रधानमंत्री मोदी को बतौर टीम क्या गिफ्ट दिया जाए। टीम की साइन की हुई जर्सी या बैट।’ पढ़िए पूरी खबर