जौनपुर के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश चंद्र मिश्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में विधायक को जमीन पर बिखरे नोटों के बीच डांस करते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो विधायक ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। वीडियो में एक कार्यक्रम के दौरान जमीन पर नोट बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच विधायक रमेश चंद्र मिश्र लोकप्रिय गाने ‘पुष्पा पुष्पा’ की धुन पर थिरकते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोग भी तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स इसे विधायक का निजी कार्यक्रम बता रहे हैं, जबकि कई लोग एक जनप्रतिनिधि के इस तरह के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं।