जौनपुर में भारी वाहनों की नो एंट्री का समय बढ़ा:24 नवंबर से 10 दिसंबर तक सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंध

जौनपुर में यातायात पुलिस ने शादी-विवाह के मौसम को देखते हुए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर ‘नो एंट्री’ का समय बढ़ा दिया है। यह निर्णय सड़कों पर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए लिया गया है। अब 24 नवंबर से 10 दिसंबर तक भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से पहले से ही दिन के समय ‘नो एंट्री’ व्यवस्था लागू थी। इसके तहत, भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक वर्जित था। आवश्यक वस्तुओं जैसे गैस, डीजल, पेट्रोल और मेडिकल से संबंधित वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। यह समय विस्तार विशेष रूप से शाम के समय होने वाले वैवाहिक आयोजनों के कारण यातायात दबाव को कम करने और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।