जौनपुर में नकाबपोश बदमाशों ने सिपाही के भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। 12 बदमाशों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया। युवक चिल्लाता रहा, मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से पीटा। ईंट उठाकर उसके सिर पर मारी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए।वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। 20 मिनट बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला केराकत कोतवाली क्षेत्र के बेलाव बाजार का है। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आ सकी है। बेलाव इलाके के रहने वाले रोहित यादव (28) की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। 6 महीने पहले उनकी पत्नी शशिकला ने बच्चे को जन्म दिया था। रोहित के तीन भाई और एक बहन है। बड़े भाई दीपक की किराने की दुकान है। छोटा भाई देवेश यादव, यूपी पुलिस में सिपाही है। वह बाराबंकी में तैनात है। छुट्टी पर घर आया है। बहन पूजा की शादी नहीं हुई है। मां सरोज देवी गृहिणी हैं। जानिए पूरा मामला प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोहित यादव रविवार दोपहर बेलाव बाजार में मोबाइल टावर पर ड्यूटी करने गए थे। 12 हमलावर मौके पर पहुंचे। रोहित को घेरकर लात-घूंसों और ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में पड़े युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुक्तिगंज ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों ने जाम लगा दिया। एसपी सिटी ने परिजनों को समझाया
केराकत कोतवाली समेत 4 थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थोड़ी देर बाद एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और सीओ अजीत कुमार भी आ गए। परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। करीब 20 मिनट बाद पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। भाई बोला- आरोपी घर पर धमकी देकर गए थे चचेरे भाई संदीप यादव ने बताया- भारत यादव नाम का एक व्यक्ति पहले हमारे घर आया था और जान से मारने की धमकी देकर गया था। उन लोगों ने मेरे भाई की हत्या कर दी। घटना के समय भारत यादव मौके पर मौजूद था। वह हत्या में शामिल है। 4–5 लोग सीधे हमला करने आए थे। भाभी बोलीं- मां से बात करते अचानक फोन हुआ बंद भाभी सुमन यादव ने बताया- मेरे देवर कल रात घर आए थे। उन्होंने खाना खाया और घर पर ही सोए। सुबह ट्रैक्टर लेकर अपने टावर पर चले गए। वहां कोई मौजूद नहीं था। उन्हें किसी तरह का शक भी नहीं हुआ। वह मम्मी से बात कर रहे थे। तभी अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया। हमने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल नहीं उठाई। थोड़ी देर बाद खबर मिली कि टावर पर कुछ लोगों ने उन्हें मार दिया है। जब हम लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़े थे। वहां से 4–4 के समूह में कुछ लोग निकलते दिखे। हमने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे भाग गए। हम प्रशासन से न्याय की मांग करते हैं। हमें न्याय चाहिए। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया- शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। रोहित के पिता शिवशंकर यादव की शिकायत पर कटहरी निवासी सुनीता व 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगी हैं। ————————- यह खबर भी पढ़ें… सगाई से पहले लड़की प्रेमी संग फंदे पर लटकी, मौत से पहले लड़के ने चिता की REEL शेयर की बिजनौर में सगाई से एक दिन पहले लड़की ने प्रेमी संग जान दे दी। रविवार सुबह दोनों के शव एक ही फंदे पर लटकते मिले। लड़की की सोमवार को सगाई होनी थी। रिश्तेदार घर पहुंच चुके थे। दोनों के सुसाइड का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पढ़ें पूरी खबर…