झांसी-आगरा ट्रैक पर ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:कासगंज का युवक पुणे जा रहा था, सैया पुलिस ने की शिनाख्त

झांसी-आगरा रेलवे ट्रैक पर जाजो रेलवे स्टेशन के पास एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह घटना थाना सैया के अंतर्गत गांव बख्शपुरा, उत्तर प्रदेश-राजस्थान सीमा के समीप बीती रात हुई। सूचना मिलने पर सैया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के पास मिले मोबाइल फोन से कुछ नंबरों पर संपर्क कर मृतक की शिनाख्त की। मृतक की पहचान 28 वर्षीय संतोष के रूप में हुई, जो कासगंज जिले के नगला सैमरी, थाना कासगंज का निवासी था। संतोष कुमार अपने गांव से ट्रेन द्वारा महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे, तभी अचानक ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, और सूचना मिलते ही वे थाना सैयां पहुंच गए हैं।