झांसी कमिश्नर से मिले पूर्व केंद्रीय मंत्री:बोले- आबादी में कचरा डालने से पानी में घुल रहा जहर, नगर निगम में चल रही नूराकुश्ती

झांसी में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल कमिश्नर बिमल दुबे से मिला। उन्होंने नगर निगम झांसी स्मार्ट सिटी पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कानून 2016 का खुलेआम उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। ज्ञापन देते हुए कहा कि वर्तमान में घनी आबादी वाली बस्तियों में कचरा डाला जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के नाम पर बिजौली में खुले में कचरा एकत्रित किया जा रहा है। यह इलाका घनी आबादी के मध्य स्थित है, जिससे यहां रहने वाले हजारों नागरिकों के स्वास्थ पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का यह अनियंत्रित निस्तारण पर्यावरण एवं भूमि जल स्रोतों के लिये गम्भीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। बोले पानी में घुल रहा जहर
कांग्रेसी नेता ने कहा कि कचरे से रिसने वाला जहर भूजल को दूषित कर रहा है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने भी आम आदमी को स्वच्छ पर्यावरण मौलिक अधिकार के रुप में मान्यता दी है। लेकिन यहां सॉलिड वेस्ट कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। कचरा उठाने वाले कर्मचारियों को हाथ के दस्ताने भी नही दिए जाते हैं। यहां बिगड़ रही स्थिति
ज्ञापन देते हुए पूर्व मंत्री ने बताया कि बिजौली के अलावा पूरे महानगर में सार्वजनिक स्थान पुलिया नं. 9, हीरापुरा नगरा, होम गार्ड ट्रेनिंग सेंटर, दतिया गेट बाहर, सीपरी बाजार, ताज कंपाउंड, नन्दनपुरा, रेलवे कॉलोनी, नन्दनपुरा नहर सर्विस रोड, संगम विहार जैसी पॉश कॉलोनियों में खुले में कचरें के ढेर लगे हुए हैं। उन्होंने कमिश्नर को ज्ञापन देकर मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कहा नगर निगम में चल रही नूराकुश्ती
प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि नगर निगम में अधिकारी और महापौर के बीच नूराकुश्ती चल रही है। पहले महापौर ने नगर निगम अधिकारियों पर स्मार्ट सिटी में घोटाले का आरोप लगाया लेकिन मामले में कोई जांच नहीं हुई। इसके बाद अधिकारी ने महापौर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर दी। इसके बाद मामले को गोपनीय तरीके से निपटा लिया गया। बोले जनता की मेहनत का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। जिम्मेदार लोगों को गुमराह कर अपनी जेबें भरने में जुटे हैं।