झांसी के बाजार में 3 दुकानों में आग लगी, VIDEO:दुकानदार बोले- पीछे जल रहे अलाव से आग फैली, डेढ़ घंटे बाद आई दमकल

झांसी में रविवार रात को बाजार के अंदर 3 दुकानों में भीषण आग लग गई। दुकानदारों का कहना है कि दुकान के पीछे ऑटो वाले ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहे थे। उसी से आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 15 फीट ऊंची लपटे उठने लगी। सूचना पर पहुंची दमकल गाड़ी ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आरोप है कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद दकमल गाड़ी आई। तब तक पूरा सामान जल चुका था। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रानी महल के पास सुभाषगंज बाजार का है। दुकानदार के सामने जल गई पूरी दुकान बड़ागांव गेट बाहर पलक गार्डन के पास रहने वाले भवानी शंकर चौरसिया की रानी महल के पास सुभाषगंज में चौरसिया कन्फेक्शनरी के नाम से दुकान है। दुकान में बिस्कुट, नमकीन, टोस्ट आदि सामान रखा था। दुकानदार रिषभ चौसरिया ने बताया- हमारी टीनशेड की दुकान है। आज शाम को हम लोग अपनी दुकान में बैठे थे। दुकान के पीछे ऑटो चलाने वाले कुछ लोग अलाव जला रहे थे। इससे टीन गर्म हो गया और बगल की दोने-पत्तल की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग हुमारी दुकान में आ गई और फिर तीसरी दुकान तक पहुंच गई। आग बुझाने के लिए आसपास पानी नहीं था। इसलिए हमारे देखते ही देखते पूरी दुकान जल गई। आग से लगभग 35 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग से हड़कंप मचा भवानी शंकर चौरसिया ने बताया कि कई बार अलाव जलाने के लिए मना किया, लेकिन ऑटो वाले नहीं माने। आग लगते ही हम लोगों ने फायरबिग्रेड को सूचना दे दी। मगर फायरबिग्रेड लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक हमारी दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। अगल-बगल की दोने-पत्तल की दुकानों को भी नुकसान हुआ है। आग लगते ही हड़कंप मच गया। आस पड़ोस के दुकानदार अपना सामान बाहर निकालने लगे। दुकान से उठ रही 15 फीट ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग आ गए। आग के बाद दुकानदार भवानी शंकर सदमे में है। ट्रैफिक की वजह से देरी हुई सीएफओ राज किशोर राय ने बताया- फायर स्टेशन को सूचना मिली थी कि रानी महल के पास दुकानाें में आग लग गई। तुरंत फायरबिग्रेड की गाड़ी को रवाना किया गया। पानी डालकर आग बुझाई गई। बताया जा रहा है कि अलाव के कारण आग लगी है। हम आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से फायरबिग्रेड को आने में थोड़ी देरी हुई है।