झांसी में अपर्णा यादव बोलीं-महागठबंधन का हाल सभी ने देखा:हम बंगाल भी पूर्ण बहुमत से जीतेंगे, हिटलर चला गया, दीदी भी जाएंगी

झांसी में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव झांसी के दौरे पर पहुंचीं तो बिहार जीत का उदाहरण देते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा। हालांकि, उन्होंने अखिलेश यादव का नाम नहीं लिया। बोलीं, वो (अखिलेश यादव) बिहार में भी कह रहे थे कि भाजपा को नहीं जीतने देंगे, लेकिन सभी ने देखा कि महागठबंधन का क्या हाल हुआ। उनके कहने से कुछ नहीं होता, हम यूपी में भी प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। अपर्णा यादव झांसी जिला महिला कारागार में महिला बंदियों से मिलने जेल पहुंची थीं। यहां उन्होंने जेल का निरीक्षण किया, साथ ही महिला बंदियों से बात करते हुए वहां मिल रहीं सुविधाओं के बारे में भी जाना। उन्होंने, दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार की जीत भाजपा के काम करने, प्रधानमंत्री के मूलमंत्र सबका साथ सबका विकास के चलते हुई है। वहीं, लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के परिवार और पार्टी से अलग होने के मामले में भी अपर्णा यादव ने कहा कि ये बहुत दुःखद है कि इस तरह से उन्हें अपमानित किया गया। उन्होंने मीडिया और अपने सोशल मीडिया हैंडल से अपना दर्द बयां किया। बोलीं, किसी भी परिवार में इस तरह की चीजें होना बहुत ही पीड़ा देने वाला है। वहीं, अखिलेश यादव के भाजपा को यूपी में नहीं जीतने देने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि उनके कहने से कुछ नहीं होने वाला। वह बिहार में भी कह रहे थे लेकिन, आप सभी ने देखा कि महागठबंधन का क्या हाल हुआ। बोलीं, हम किसी की बातों में नहीं आने वाले। उत्तर प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। हिटलर चले गए तो दीदी भी अब चली जाएंगी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी अपर्णा यादव ने तीखा हमला बोला। कहा कि मुझे उनका ये कहना कि यूपी के लोग पान-गुटखा चबाकर आते हैं, इधर-उधर थूकते हैं, तो मैं बस इतना कहना चाहूंगी कि मैं भी यूपी से आती हूं, मेरी रंगों में ये खून इसी यूपी की मिट्टी का है। कहा कि उन्हें अब खेला होबे बंद कर देना चाहिए। ये तानाशाही नहीं चलेगी। हिटलर चले गए, मुसोलिनी भी चले गए तो दीदी भी अब चली जाएंगी। बांग्लादेश के मामले में UN को हस्तक्षेप करना चाहिए बांग्लादेश की निष्काषित प्रधानमंत्री शेख हसीना को सुनाई गई फांसी की सजा को लेकर भी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने अपना पक्ष रखा। बोलीं कि भारत के बांग्लादेश से रिश्ते रहे हैं। लेकिन, बीते दिनों जिस प्रकार से वहां हिंसा और लूटपाट हुई इसके चलते शेख हसीना भारत में शरण लेने आईं। कहा कि हमारा प्राचीन इतिहास रहा है कि यहां जो भी शरणागत होता है, उसे हम सम्मान देते हैं। कहा कि इस मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ को हस्तक्षेप करना चाहिए। जेल की व्यवस्था से दिखीं संतुष्ट झांसी जिला कारागार में निरीक्षण करने के बाद अपर्णा यादव ने कहा कि मैं पिछली बार यहां आई थी और जो पौधा रोपा था आज वह बड़ा हो गया है। यहां महिलाओं के जीवनस्तर में भी सुधार है। पहले महिला बंदी वही खाना खाती थीं, जो अमूमन पुरुष बनाते थे लेकिन अब वह अपने हाथ का बना खाना खाती हैं। उनके बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा दी जाने वाली स्कॉलरशिप भी उन्हें मिल रही है।