झांसी में लोहे की प्लेट से लदा ट्रक 3 लोगों को रौंदता हुआ नहर में गिर गया। हादसे में 2 की मौत हो गई, जबकि 3 पानी में बह गए। उनका कुछ पता नहीं चला है। शव इतनी बुरी हालत में पड़े थे कि एक महिला उन्हें देखकर बेहोश हो गई। घटना के बाद आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि ट्रक ड्राइवर, हेल्पर, और एक ग्राहक लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसा चिरगांव थाना क्षेत्र में पारीछा डैम के पास हुआ है। हादसे के समय ट्रक की रफ्तार तेज थी। हाईवे किनारे नहर के पास पेटीज का ठेला लगा था, जिस पर 2 लोग पेटीज खा रहे थे। ट्रक इन लोगों को रौंदता हुआ पुल से नहर में जा गिरा। ट्रक में ड्राइवर और एक हेल्पर सवार थे। नहर में लगभग 20 फीट पानी था। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… आसाराम बोले- 15 दिन से मेरा भाई ठेला लगा रहा था
मृतकों की पहचान चिरगांव के रिछौरा खुर्द गांव निवासी हरिराम रायकवार (40) और मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर निवासी मोहन कुशवाहा (34) के रूप में हुई है। हरिराम के चचेरे भाई आसाराम ने बताया- मेरा भाई हरिराम पिछले 15 दिनों से गांव के बाहर हाईवे किनारे पारीछा नहर के पास पेटीज का ठेला लगा रहा था। आज शाम भी वह रोज की तरह ठेला लगाए हुए था और उसके पास कुछ ग्राहक पेटीज खा रहे थे। तभी कानपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने ठेले के पास खड़े सभी लोगों को टक्कर मार दी। ठेला और लोगों को लेकर सीधे नहर में जा गिरा। नहर से मेरे भाई हरिराम और ग्राहक मोहन कुशवाहा के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि अभी तीन से चार लोग लापता हैं। उनकी तलाश के लिए नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पैसे देने गए और चपेट में आ गए
मृतक मोहन के साले राहुल ने बताया- मेरे जीजा मोहन कुशवाहा अपनी सरहज सीमा को साथ लेकर साढ़ू के घर भांडेर क्षेत्र के मुस्तरा गांव गए थे। वहां से दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में पारीछा नहर के पास पेटीज खाने के लिए रुके थे। पेटीज खाने के बाद जीजा पैसे देने ठेले की ओर गए, जबकि सीमा कुछ दूरी पर खड़ी हो गई। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। नहर से मेरे जीजा की लाश बरामद हो गई, जबकि सीमा बाल-बाल बच गई। नहर के बहाव में 50 मीटर बह गई केबिन
पारीछा डैम से निकली नहर में करीब 20 फीट पानी था। लोहे की प्लेट से लदा ट्राला नहर में डूब गया, जबकि ट्राले की केबिन बहकर लगभग 50 मीटर दूर जा पहुंची। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। चिरगांव थाना और बड़ागांव थाना समेत कई थानों की पुलिस फोर्स भी घटनास्थल पर तैनात कर दी गई। सूचना पर एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम नहर का पानी बंद करा दिया गया। फिलहाल ट्राले की केबिन को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि केबिन में चालक और हेल्पर फंसे हो सकते हैं। एसएसपी बोले- 2 से 3 लोग नहर में फंसे हैं
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया- 18 पहिया ट्रक पेटीज के ठेले को टक्कर मारने के बाद नहर में जा गिरा। अब तक दो लोगों को नहर से बाहर निकाला जा चुका है। आशंका है कि अभी दो से तीन लोग नहर में फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। ————- ये भी पढ़ें- पुलिस वालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट अरेस्ट:शराब खरीदते समय CCTV से पहचान, एक्सीडेंट के बाद सर्विस सेंटर में खड़ी की कार कानपुर में गंगा बैराज पर 3 पुलिसवालों को रौंदने वाले 2 बीटेक स्टूडेंट्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 3 आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों छात्रों की पहचान श्याम सुंदर (23) और अभिजीत (22) के रूप में हुई है। पढ़िए पूरी खबर…