झांसी में 2 ड्राइवरों ने 524 गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक चोरी कर लिया। फिर सभी सिलेंडर एक गैस एजेंसी संचालक को 13 लाख रुपए में बेच दिए। इसके बाद यूपी में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को देखते हुए एजेंसी मालिक ने 135 सिलेंडर ब्लैक में बेच दिए। बुधवार को पुलिस ने गैस एजेंसी के मालिक, मुनीम, दो ट्रक ड्राइवरों समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से 11 लाख 93 हजार 820 रुपए, 524 सिलेंडर (389 भरे और 135 खाली), बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। ट्रक भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट से अटैच था। जांच में पता चला कि दोनों ड्राइवर पहले यही ट्रक चलाते थे। बाद में मालिक ने दोनों को निकाल दिया था। मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… कानपुर देहात ले जा रहे थे सभी सिलेंडर SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया- सीपरी बाजार के न्यू राजगंज में रहने वाले नीरज अग्रवाल का एक ट्रक करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट में अटैच है। 2 मार्च को ट्रक में 524 गैस सिलेंडर लोड हुए। ये सिलेंडर कानपुर देहात के गजनेर जाने थे। लेकिन, होली होने की वजह से ड्राइवर ट्रक को प्लांट के बाहर खड़ा करके घर चला गया था। 5 मार्च की रात बदमाश ट्रक चोरी कर ले गए। इसके अगले दिन ट्रक पारीछा के पास खड़ा मिला, लेकिन उसमें सिलेंडर नहीं थे। नीरज अग्रवाल ने सिलेंडरों की कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया। चोरों को पकड़ने के लिए 3 पुलिस टीमें लगाईं। एक टीम ने लोगों से पूछताछ की, तो दूसरी ने सीसीटीवी खंगाले। इसके जरिए आरोपियों की पहचान कर ली गई। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही थी। SSP ने बताया- मुठभेड़ में 4 आरोपियों को अरेस्ट किया
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सीपरी बाजार थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। लेकिन, पुलिस ने घेराबंदी कर प्रेमनगर के गडिया फाटक निवासी जावेद (26), समथर के मोहल्ला काली मर्दन निवासी आमिर (35), प्रेमनगर के महाराजपुरा इमामबाग के पास निवासी रितिक (24) और प्रेमनगर के स्कूलपुरा निवासी सुमित अहिरवार (22) को गिरफ्तार कर लिया। इन चारों बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने समथर में शिव गैस एजेंसी पर छापा मारा। यहां से एजेंसी मालिक शुभांकर परिहार (28), अभिषेक कुशवाहा (25) और सुरेंद्र (23) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 389 भरे और 135 खाली गैस सिलेंडर बरामद हुए। 135 गैस सिलेंडर को बेच चुके थे। इसकी बिक्री के 83 हजार 820 रुपए बरामद हुए। वहीं, जावेद की निशानदेही पर उसके घर से 11 लाख 10 हजार रुपए बरामद हुए। 70 हजार बकाया थे, 18 लाख का माल चुराया
SSP ने बताया- रितिक और जावेद पहले नीरज अग्रवाल का ट्रक चलाया करते थे। दोनों को नीरज ने नौकरी से हटा दिया था। दोनों के करीब 70 हजार रुपए नीरज पर बकाया था। मांगने पर नीरज पैसे नहीं दे रहा था। इस वजह से दोनों ने गैस सिलेंडर चुराकर ब्लैक में बाहर बेचने की साजिश रची। इसमें सुमित अहिरवार को शामिल किया। तीनों ने मिलकर गैस एजेंसी के मुनीम आमिर से संपर्क किया। बातचीत के बाद 13 लाख रुपए में सभी सिलेंडर खरीदने की डील हुई। रितिक ट्रक चलाकर ले गया, जबकि जावेद और सुमित बाइक से आगे चल रहे थे।
11.10 लाख रुपए अराेपी जावेद के घर पर मिले
चिरगांव पहुंचने पर आमिर, अभिषेक और सुरेंद्र मिल गए। तीनों ट्रक को समथर गैस एजेंसी तक ले गए। यहां पर सभी सिलेंडर उतार दिए। फिर खाली ट्रक ले जाकर पारीछा में खड़ा करके भाग गए थे। एसएसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपए का इनाम दिया है। ————————- ये खबर भी पढ़िए- गोरखपुर में सिलेंडर के लिए लात-घूंसे चले, गैस गोदाम सील, श्रावस्ती में महिला बेहोश हुई, अयोध्या में राम रसोई बंद उत्तर प्रदेश में रसोई गैस (LPG) की किल्लत हो गई है। बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। किल्लत के चलते बुधवार को अयोध्या में राम रसोई को बंद कर दिया गया। 8 साल में पहला मौका है जब राम रसोई बंद की गई है। पढ़ें पूरी खबर