झांसी में दुश्मन के फाइटर प्लेन ने गिराया बम,मची अफरा-तफरी:युद्ध स्थिति की मॉकड्रिल में पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और स्वास्थ्य कर्मियों ने दिखाया टीम वर्क

झांसी के रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड पर शुक्रवार शाम ठीक छह बजे अचानक अंधेरा छा गया। सायरन की गूंज के बीच जोरदार धमाके के साथ झोपड़ी में आग लग गई। यह नजारा देख मैदान पर मौजूद लोग सहम गए, लेकिन पुलिस ने माइक से स्पष्ट किया कि घबराने की जरूरत नहीं है,यह सब मॉकड्रिल का हिस्सा है। पहले मॉकड्रिल की तीन तस्वीरें देखें… दरअसल, युद्ध जैसी स्थिति, हवाई हमले, आतंकी घटना या किसी भी आपात हालात से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए यहां ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस रिहर्सल में SDRF, झांसी पुलिस, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड और डायल 108 की टीमों ने हिस्सा लिया। मॉकड्रिल की शुरुआत युद्ध की चेतावनी देने वाले सायरन से हुई। सायरन बजते ही जवानों ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। इसके साथ ही घरों और आसपास जल रही सभी लाइटें बंद कराई गईं। लोगों को समझाया गया कि मोबाइल की टॉर्च भी न जलाएं, क्योंकि इससे दुश्मन को संकेत मिल सकता है और हवाई हमला संभव है। बच्चे की टॉर्च बनी हमले की वजह जागरूकता के लिए मॉकड्रिल में यह भी दिखाया गया कि ब्लैकआउट क्यों जरूरी है। इसी दौरान एक बच्चे ने मोबाइल की टॉर्च जला दी। टॉर्च की रोशनी दिखते ही आसमान में उड़ रहे दुश्मन के फाइटर प्लेन द्वारा बम गिराए जाने का दृश्य दिखाया गया। धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई और कई नागरिक घायल हो गए।घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, खून रोकने के बाद एम्बुलेंस से तुरंत अस्पताल भेजा गया। फायर फाइटर्स का क्विक एक्शन बम धमाके से लगी आग को फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से काबू में लिया। फायर फाइटर्स ने शानदार टीम वर्क और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन करते हुए बड़े नुकसान को टाल दिया। वहीं, सिविल डिफेंस के जवानों ने झुलसे नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर इलाज की व्यवस्था कराई। ADM बोले, हर हालात से निपटने को तैयार पूरा मॉकड्रिल ADM प्रशासन शिवप्रताप शुक्ला की निगरानी में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि हाल ही में झांसी में इसी तरह की मॉकड्रिल की गई थी और आज उसी तर्ज पर दोबारा अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा, इस तरह के अभ्यास से हम अपनी तैयारियों और बचाव क्षमता को परखते हैं। हमारे सभी जवान किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।