झांसी में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 58 किलो 340 ग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड और 32,330 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ागांव गेट चौकी क्षेत्र के मैरी तिराहा के पास तीन युवक गांजा लेकर सप्लाई के लिए निकलने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि तीनों आरोपी बाबा का अटा, अशोक सनफ्रान रोड पर पहुंचे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने नाम अमित राय पुत्र नरेश राय, निवासी कृष्णा कॉलोनी, थाना ओरछा, जिला निवाड़ी,
आशीष श्रीवास्तव पुत्र नरेश श्रीवास्तव, निवासी किला गेट, लोहा मंडी गुदड़ी मोहल्ला, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर और महेंद्र यादव पुत्र राम गोपाल यादव, निवासी कृष्णा कॉलोनी, थाना ओरछा, जिला निवाड़ी बताए। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे महाराष्ट्र के नागपुर से ट्रेन के जरिए गांजा लाते थे और झांसी व आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे।
इस मामले में सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही उनके तस्करी नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है।