झांसी में पूर्व पार्षद के बेटे की गोली मारकर हत्या:बदमाशों ने पीठ में सटाकर मारी गोली, बहन की शादी के कार्ड बांटने गया था

झांसी में शनिवार शाम को बाइक सवार बदमाशों ने पूर्व पार्षद के बेटे को गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए। सड़क पर खून फैल गया। स्थानीय लोगों ने घरवालों को तुरंत सूचना दी। जानकारी मिलते ही युवक का छोटा भाई मौके पर पहुंचा और बार-बार “भैया… भैया…” कहते हुए उसे बुलाता रहा। इसके बाद मौके पर मौजूद 3 लोगों ने घायल युवक को ऑटो में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मऊरानीपुर ले जाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां करीब चार घंटे तक इलाज चलने के बाद युवक की मौत हो गई। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों की तलाश में जुट गई। परिजनों के अनुसार, युवक बाइक से अपनी चचेरी बहन की शादी के कार्ड बांटने गया था। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पीछे से उसके पीठ में गोली मार दी। यह वारदात मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के मजिघटा मोहल्ला में हुई। देखिए 3 तस्वीरें.. बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहा था
युवक की पहचान सतीश श्रीवास (40) पुत्र अशोक श्रीवास के रूप में हुई। सतीश नई बस्ती का रहने वाला था। इस इलाके से उनकी मां मुन्नी देवी पहले निर्दलीय पार्षद रह चुकी हैं। शनिवार सुबह सतीश अपने चाचा की बेटी की शादी का कार्ड बांटने घर से निकले थे। शाम करीब 5 बजे वह बाइक से चौक दमेला से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह शिशु मंदिर के पास पहुंचे, पीछे चल रही बाइक पर बैठे एक युवक ने तमंचा निकालकर उनकी पीठ के पास गोली मार दी। गोली लगते ही सतीश बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सतीश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सतीश का किसी से कोई विवाद नहीं था
सतीश के छोटे भाई सनी ने बताया- मेरा भाई प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। किसी से उसका विवाद होने के बारे में सतीश ने घरवालों को नहीं बताया था। बाहर किसी से विवाद हुआ या नहीं, मुझे इसकी जानकारी नहीं है। हम प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं। मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया- अभी तक घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
——————- ये खबर भी पढ़ें – कौन हैं सलीम, जिनके लिए योगी बोले- हमलावरों को बख्शेंगे नहीं, खुद को EX मुस्लिम लिखा, मजहबी कट्‌टरपंथियों ने कई बार धमकी दी गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला किया गया। दिल्ली के गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ है। अब सवाल उठ रहे हैं कि यूट्यूबर को जान से मारने की कोशिश आखिर हुई क्यों? सलीम वास्तिक की पहचान तीन तलाक, हलाला जैसे इस्लामिक रिवाजों पर सवाल उठाने से बनी थी। उन्होंने इस्लाम को ‘विदेशी मजहब’ करार दिया था। रिपोर्ट पढ़िए…