झांसी में प्रधान के रोड शो में शामिल गाड़ियां सीज:1 जनवरी को जन्मदिन पर निकाला था जुलूस, रील बनाकर की थी अपलोड

झांसी में भारतीय जनता पार्टी के ग्राम प्रधान ने अपने जन्मदिन के मौके पर 1 जनवरी को शक्ति प्रदर्शन करते हुए दर्जनों कार के साथ रोड शो किया था। इसका वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो अब पुलिस ने रोड शो में शामिल तीन गाड़ियों को सीज कर दिया है। वहीं, अब इस मामले में प्रधान सफाई दी रहे हैं। दरअसल, 1 जनवरी 2026 को रक्सा थाना क्षेत्र के गांव राजापुर से भाजपा के ग्राम प्रधान गोविंद यादव का जन्मदिन था। प्रधान ओरछा मंदिर में पूजा कर लौट, फिर इसके बाद अपने जन्मदिन पर रोड शो किया। वह लगभग 30 कारों के काफिले में सबसे आगे भाजपा का झंडा लगी गाड़ी में खड़े होकर अभिवादन स्वीकार करते हुए चल रहे थे। प्रधान ने इस पूरे शक्ति प्रदर्शन की रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर अपलोड की है। रील के बैकग्राउंड म्यूजिक में भाजपा नेताओं के डायलॉग चल रहे थे, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ब्रजभूषण शरण सिंह समेत दूसरे भाजपा नेता बयानों को स्पेशल इफेक्ट के साथ रील के बैकग्राउंड पर लगाया गया था। दैनिक भास्कर से बात करते हुए प्रधान गोविंद यादव ने कहा कि वह भाजपा से प्रधानी का चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में उनके परिवार के लोग ही इस पूरे आयोजन में शामिल थे। दूसरी तरफ इस पूरे शक्ति प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो रक्सा थाने की पुलिस ने वीडियो के आधार पर प्रधान की सबसे आगे चल रही कार समेत तीन गाड़ियों को सीज कर दिया। रक्सा पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि काफिले में शामिल अन्य गाड़ियों की भी तस्दीक की जा रही है। जल्दी ही उन पर भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रधान बोले-रोड शो नहीं था, परिवार के लोग हैं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे राजापुर के प्रधान गोविंद यादव के वीडियो को लेकर दैनिक भास्कर ने उनसे बात की है। हमने ग्राम प्रधान से पूछा कि वायरल वीडियो में आप रोड शो करते दिख रहे हैं, ये क्या आयोजन है। इस पर प्रधान गोविंद यादव ने बताया कि 1 जनवरी को मेरा जन्म दिन था। मैं ओरछा में रामराजा के दर्शन करने गया था। जब वहां से गांव लौटा तो मेरे भतीजे और परिवार के अन्य लोगों ने डीजे वगैरह का इंतजाम कर लिया। इसके बाद वह मुझे लेकर घर पहुंचे। बोले, मैं पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहा हूं। भारतीय जनता पार्टी अगर टिकट देगी तो लडूंगा। हम अनुशासन में रहने वाले भाजपा के कार्यकर्ता हैं।