झांसी में बागेश्वर धाम से दर्शन कर पति के साथ घर लौट रही विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पति ने कहा कि हाइवे पर ब्रेकर के चलते पत्नी बुलेट से उछल कर सड़क पर गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। दूसरी तरफ मृतक के मायके वाले इसे हत्या बता रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के लिए लाए गए शव को छोटी बहन ने जीजा को सौंपने से भी इंकार कर दिया। उनका आरोप है कि उनकी बहन की सुनियोजित ढंग से हत्या की गई है। पहले दो तस्वीरे में देखें मंजू की मां का दर्द… अब विस्तार से समझें पूरा मामला… झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के गोन्दू कंपाउंड की रहने वाली 35 साल मंजू उर्फ कल्पना की शादी कोतवाली थाना क्षेत्र के सैंयर गेट निवासी अरविंद कुमार से छह महीने पहले हुई है। अरविंद मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में एक क्लिनिक चलाते हैं। इससे पहले वह हरियाणा के गुरुग्राम में रहकर क्लिनिक चलाते थे। लेकिन, शादी के बाद झांसी लौट आए थे। मंगलवार की सुबह 10 बजे अरविंद पत्नी मंजू के साथ मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गांव गढ़ा में मौजूद बागेश्वर धाम के दर्शन करने के लिए गए थे। वह दोनों यहां से बुलेट बाइक पर गए थे। वहीं, गुरुग्राम में रहने वाला अरविंद का दोस्त जितेंद्र भी दर्शन के लिए बागेश्वर धाम पहुंचा था। यहां तीनों लोगों ने दर्शन किए। दोस्त जितेंद्र ने बताया कि अरविंद ने उसे जोर देकर उसके घर चलने के लिए कहा था। इसके बाद वह अरविंद की बुलेट पर उसके साथ झांसी के लिए सवार हो गया। बाइक अरविंद चला रहा था और दोस्त व पत्नी पीछे बैठे हुए थे। दोस्त का कहना है कि बरुआसागर के पास शाम लगभग 7.30 बजे हाइवे पर अचानक ब्रेकर आ जाने से मंजू बुलेट से उछलकर सड़क पर जा गिरी, जिससे उसे कई गंभीर चोट आई थीं। वह उसे लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने मंजू को मृत घोषित कर दिया। यहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। एसएसपी से शिकायत करने पहुंचे मायके के लोग एक तरफ मंजू का शव मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा था तो दूसरी तरफ उसके परिजन बेटी की मौत को दुर्घटना मानने को तैयार नहीं थे। इसी के चलते सभी लोग बुधवार को मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। मृतक के भाई संजय ने यहां आरोप लगाया कि बहन की हत्या की गई। उन्होंने जीजा और उनके दोस्त की भूमिका की जांच करने की भी मांग की। हालांकि, एसएसपी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद सभी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। मंजू की बहन बोली-दीदी की हत्या की है मृतक मंजू उर्फ कल्पना की छोटी बहन नीतू ने पूरी घटना को हत्या बताया है। उनका आरोप है कि दीदी को प्लांड तरीके से मारा गया है। नीतू ने कहा कि जीजा और उनके दोस्त बार-बार नई कहानी बना रहे हैं। कभी कहते हैं कि सड़क पर बच्चे को बचाने के चक्कर में दीदी सड़क पर गिरी हैं तो कभी कहते हैं कि ब्रेकर की वजह से मंजू गिर गई। नीतू का कहना है कि मामले की अगर निष्पक्ष जांच होगी तो जीजा और उनके दोस्त की भूमिका सामने आएगी। पति हाथ जोड़कर बोला, माफ़ कर दो पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मृतक के मायके और ससुराल पक्ष में जमकर बहस भी हुई। मायके पक्ष के लोग मोर्चरी के बाहर बैठे थे तो वहीं, ससुराल पक्ष और मृतक का पति वहां से 300 मीटर दूर पुलिस चौकी पर बैठा था। जब वह मोर्चरी आया तो रोते हुए मंजू की मां और बुआ से हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। इस पर मंजू की छोटी बहन फफक कर रो पड़ी। साथ ही उसने जीजा को बहन का शव देने से साफ इंकार कर दिया। बहन नीतू बोली कि आपके हाथ जोड़ रहे हैं, आपको जो और जितना करना था कर लिया। अब दीदी की लाश नहीं देंगे। इस बात पर दोनों पक्ष में बहस भी हुई। इसके बाद मायके पक्ष ने ये बात मान ली कि मायके में अंतिम संस्कार के दौरान मंजू का पता आ सकता है। दोनों की है दूसरी शादी 35 साल की मंजू उर्फ कल्पना ने MBA की डिग्री की है। परिजनों ने बताया कि अरविंद के साथ उनकी ये दूसरी शादी थी। दो साल पहले मंजू की मुम्बई में शादी हुई थी लेकिन, शादी के कुछ ही दिन बाद आपसी विवाद के चलते दोनों का तलाक हो गया। वहीं, मंजू के दूसरे पति अरविंद की भी ये दूसरी शादी है। उनकी पत्नी भी उन्हें छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उन्होंने मंजू से शादी की। हालांकि, पहली शादी से दोनों के ही कोई बच्चे नहीं हैं।