झांसी में सिरफिरे युवक ने पड़ोसी से विवाद में गैस पाइप लाइन तोड़ दी, जिससे पूरे इलाके में गैस का तेजी से रिसाव होने लगा। आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी तो मोहल्ले में भगदड़ मच गई। सभी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। पुलिस और गैस की सप्लाई करने वाली कंपनी को सूचना दी गई। कोई अनहोनी न हो, इसलिए पुलिस ने तुरंत इलाके की बिजली बंद कराई गई। लगभग 30 मिनट की कोशिश के बाद गैस का रिसाव बंद किया जा सका। घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के केके पूरी कॉलोनी की है। सीपरी बाजार थाना इलाके के आवास विकास से सटी केके पुरी कॉलोनी में रहने वाले जय शिव के घर में PNG की सप्लाई पाइप लाइन से होती है। उन्होंने CUGL (सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड) से कनेक्शन लिया है। जयशिव ने बताया कि बुधवार को उनके पड़ोस में रहने वाले युवक ने जमकर गालियां दीं। उन्होंने उसकी गालियों को यह सोचकर नजरअंदाज कर दिया कि वह मानसिक रोगी है। लेकिन, शाम होते ही उसी युवक ने फिर से हंगामा किया और उनके घर में जा रही गैस की लाइन को हाथों से हिलाकर तोड़ दिया। इससे तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते पूरी कॉलोनी में गैस की बदबू फैल गई। यहां इलाके के लोगों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तेजी से हो रहे गैस के रिसाव की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थान तलाशने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस और CUGL के अधिकारियों को फोन कर घटना के बारे में बताया। यहां सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना प्रभारी विनोद मिश्रा अपने हमराह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को फोन कर इलाके की बिजली बंद कराई। इसी दौरान सीयूजीएल के कर्मी भी पहुंच गए। इसके बाद तेजी से रिस रही गैस के पाइप को बंद किया गया। मानसिक रूप से बीमार है युवक केके पुरी कॉलोनी में मानसिक रूप से बीमार युवक की हरकत से पूरा इलाका दहशत में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये पहली बार नहीं है, जो उक्त युवक ने सभी की जान को खतरे में डाला हो। बताया कि युवक के परिजन दूसरी जगह रहते हैं, जबकि युवक यहां रहता है। केके पुरी की रहने वालीं देवा देवी ने बताया कि युवक हमेशा लोगों को परेशान करता है। छोटे बच्चे भी यहां बाहर नहीं निकल पाते। फिलहाल पुलिस ने युवक को पकड़कर उसे परिजनों को सौंप दिया है। अपने आप बंद नहीं होती गैस की सप्लाई बता दें कि महानगर के कई इलाकों में गैस की पाइप लाइन बाहर खुली हुई लगी हैं। ऐसे में अक्सर इन्हें नुकसान होने का खतरा बना रहता है। वहीं, इससे सबसे बड़ा खतरा ये है कि अगर पाइप टूट जाता है तो गैस रिसना बंद नहीं होती। हालांकि, कंपनी के कर्मचारी का दावा है कि आग लगने की स्थिति में वह फैलती नहीं है। हालांकि, ये अपने आप बंद भी नहीं होती। अभी जिस मकान में युवक रहता है उसमें ताला डला हुआ है।