झांसी में सीपरी थाना प्रभारी विनोद मिश्र को हटाया:एसएसपी ने लाइन हाजिर किया, 4 महीने पहले ही तैनात हुए थे

झांसी के सीपरी बाजार थाना के प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा को हटा दिया गया। एसएसपी ने शुक्रवार को उनको लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह अब अपराध शाखा के प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे को सीपरी बाजार थाना प्रभारी बनाया गया है। लगभग 4 माह पहले तत्कालीन सीपरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह को भी हटाया गया था। तब प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने उनके खिलाफ अमर्यादित आचरण करने की शिकायत डीजीपी से कर दी थी। उसमें सीपरी बाजार थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की गई। इस मामले ने भूचाल ला दिया। सोशल मीडिया पर प्रभारी मंत्री का पत्र वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस अफसरों ने 10 सितंबर को आनंद सिंह का तबादला एएचटीयू शाखा में कर दिया था। 3 दिन बाद पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्रा को थाने की जिम्मेदारी दी गई थी। अब विनोद मिश्रा को भी हटाया गया है।