झांसी में LPG सिलेंडर फटा, युवक हवा में उछला:दीवार से टकराकर हुआ जख्मी, चेहरा झुलसा, अस्पताल में भर्ती

झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के बिपिन बिहारी इंटर कॉलेज के पास एक मकान में एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए मोहल्ले का ही एक युवक पहुंचा था। जैसे ही ही वह सिलेंडर के पास पहुंचा तो वह जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे युवक घायल हो गया। यहां सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आग बुझाई। साथ ही घायल युवक को इलाज के लिए भेजा। युवक की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है। बता दें कि झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के गोविंद चौराहा के पास बिपिन बिहारी इंटर कॉलेज है। यहीं, पास में मदकखाना मोहल्ला है। इसी मोहल्ले के शाहिद कुरैशी के मकान में किराए पर क्रांति देवी रहती हैं। मोहल्ले की ही रहने वाली नसरीन खान ने बताया कि सुबह क्रांति के घर हॉकर एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी देने आया था। बताया कि जब दोपहर में क्रांति ने खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर चालू किया तो उसमें आग लग गई। क्रांति सिलेंडर जलता हुआ छोड़कर बाहर भागी और मदद के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर मोहल्ले का ही रहने वाला फरदीन भागते क्रांति के घर पहुंचा और आग बुझाने के लिए जैसे ही सिलेंडर के पास पहुंचा तो उसमें ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि फरदीन 8 फीट दूर उछाला और कमरे की दीवार से टकरा गया। जिससे उसे सिर और चेहरे गंभीर चोट आईं हैं। यहां ब्लास्ट की आवाज सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी जुट गए, साथ ही घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और नवाबाद थाने की पुलिस को दी। यहां मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने आग बुझाई। वहीं, घायल फरदीन को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। ब्लास्ट से हिल गया घर मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर में हुए ब्लास्ट से मोहल्ले के लोग सहम गए। नसरीन ने बताया कि वह अपने घर में खाना बना रही थीं। अचानक इतनी जोर का धमाका होने की आवाज आई कि वह सहम गईं। बोलीं, ऐसा लगा कि जैसे किसी ने घर को हिला दिया हो। यहां गनीमत ये रही कि आग मकान के दूसरे हिस्सों तक नहीं पहुंची, नहीं तो स्थिति भयावह हो सकती थी।