टक्कर लगते ही स्कूटी से उछलकर दूर जाकर गिरे पति-पत्नी:मेरठ में युवक ने लापरवाही से दौड़ाई बाइक; भीड़ का हंगामा

मेरठ के सदर अरविंद पुरी निवासी राजेंद्र मित्तल सराफ हैं। हर रोज वह अपनी पत्नी शशि मित्तल के साथ काली पलटन मंदिर जाते हैं। गुरुवार शाम भी वह मंदिर से वापस घर लौट रहे थे। बालाजी मंदिर मोड़ से जैसे ही उन्होंने सड़क पार करने का प्रयास किया, तभी सदर शिव चौक की तरफ से आ रहे बाइक सवार युवक ने लापरवाही से बाइक दौड़ते हुए उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। पहले तीन तस्वीरें देखिए… टक्कर लगते ही घायल हुई दंपति
टक्कर लगते ही राजेंद्र मित्तल और उनकी पत्नी शशि मित्तल सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते देख लोग उस तरफ दौड़ पड़े। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया और किसी तरह दंपति को संभालते हुए सड़क के एक तरफ बैठाया। महिला के चेहरे और सिर में आई चोट
हादसे में दंपति को गंभीर चोट लगी थी। हालांकि शशि मित्तल के चेहरे और सिर से खून निकल रहा था। आसपास के लोगों ने दोनों को पानी लाकर पिलाया। परिवार के बारे में पूछा तो पता चला कि बेटा वृंदावन गया हुआ है। कुछ देर बाद ही राजेंद्र मित्तल के पड़ोसी वहां आ गए और दोनों को कार की मदद से ले जाकर उपचार दिलवाया। युवक को पुलिस ने लिया हिरासत में
एक्सीडेंट करने वाले युवक की पहचान मेहताब निवासी अलतीशान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह रक्षाबंधन के पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर लौट रहा था। कुछ ही देर में सदर बाजार पुलिस मौके पर आ गई और उन्होंने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों वाहन भी अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिए। CO बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
CO कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि इस मामले में अभी दंपति पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर उनकी तरफ से तहरीर मिलती है तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल परिवार के लोग दंपति का उपचार करा रहे हैं। युवक को हिरासत में रखा गया है।