गोरखपुर के अभयनंदन इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर शनिवार को ‘खेलो इंडिया अस्मिता टेनिस बॉल क्रिकेट लीग’ का शानदार आयोजन हुआ। टूर्नामेंट के सबसे अहम और फाइनल मुकाबले में गीता वाटिका की टीम ने क्वींस 11 को 9 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस लीग में कुल 6 टीमों की 90 महिला खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया। कड़ी टक्कर ने दर्शकों के बीच भी उत्साह भर दिया। हर बेहतरीन शॉट पर तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठ रही थी। खिलाड़ियों का दमदार जलवा
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो शालिनी को उनके शानदार खेल के लिए बेस्ट बैटर चुना गया। जबकि नेहा को उनकी सटीक गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर का खिताब मिला। वहीं जानकी और खुशी ने अपनी बल्लेबाजी से दिल जीता। गेंदबाजी में अन्नू और अंशिका का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। देशभर में 50 सेंटर्स पर होगा आयोजन
टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित यह लीग भारत के 50 सेंटर्स पर करवाई जा रही है। इसका मुख्य मकसद महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देना और उनका हौसला बढ़ाना है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह लीग महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। महापौर ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता की शुरुआत गोरखपुर के महापौर मंगलेश श्रीवास्तव ने की। इस मौके पर इमरान अहमद लारी (महासचिव, टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया), देवेंद्र पाल (उपाध्यक्ष, यूपी टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन), बंटी लारी, राजू सिंह, असलम वारसी, अरविंद कुमार और अंतिमा जैसे कई अतिथि और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। डीएम ने दी बधाई
टूर्नामेंट का समापन और पुरस्कार वितरण गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने किया। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।