ट्रंप के टैरिफ, चीन की रणनीति पर कानपुर में चर्चा:मर्चेंट चेंबर में सैन्य विशेषज्ञ उद्यमियों को देंगे मार्गदर्शन

कानपुर का औद्योगिक जगत इन दिनों वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक बदलावों को लेकर चिंतित है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीतियों ने जहां वैश्विक बाजारों में हलचल मचाई है, वहीं चीन की रणनीतियों ने भारतीय उद्यमियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इन्हीं विषयों पर गहराई से विचार-विमर्श करने के लिए गुरुवार शाम को मर्चेंट चेंबर ऑफ उत्तर प्रदेश के सभागार में एक टॉक शो का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें सेना के अनुभवी अधिकारी अपनी रणनीतिक दृष्टि से उद्यमियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) राजीव नारायण और कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कै रैना जैसे सैन्य अधिकारी शिरकत करेंगे। उनके साथ प्रसिद्ध डिफेंस यूट्यूबर आदि अंचित भी मौजूद रहेंगे, जो रक्षा और तकनीक के बदलते समीकरणों पर अपनी बात रखेंगे। ये अधिकारी बताएंगे कि कैसे वैश्विक तनाव और सीमा पार की रणनीतियाँ सीधे तौर पर स्थानीय व्यापार को प्रभावित करती हैं। यह संगम उद्यमियों को यह समझने में मदद करेगा कि अंतरराष्ट्रीय उथल-पुथल के बीच भारतीय उद्योगों को अपनी सुरक्षा और प्रगति का रास्ता कैसे तैयार करना चाहिए। इंडस्ट्री कमेटी के चेयरमैन सुशील शर्मा ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान समय में उद्यमी कई तरह के संकटों का सामना कर रहे हैं। चाहे वह रूस की स्थिति हो या ट्रंप के फैसलों से पैदा हुई अस्थिरता, हर घटना का सीधा असर कानपुर के कारखानों और निर्यात पर पड़ता है। इस टॉक शो का मुख्य विषय ‘इंडियाज पाथ अहेड एमिड ट्रंप्स टर्बुलेंस, चाइनाज गेम, रसिया रेजीलेंस एंड मोर’ रखा गया है। इसका सीधा उद्देश्य उद्यमियों को मानसिक और रणनीतिक रूप से इतना सशक्त बनाना है कि वे इन चुनौतियों को अवसरों में बदल सकें।