डिप्टी सीएम का कल कौशांबी दौरा:कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर और सरस हाट का शुभारंभ करेंगे

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 1 फरवरी को कौशांबी का दौरा करेंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत निर्मित कॉमन इन्क्यूबेशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे। उपमुख्यमंत्री दोपहर लगभग 12 बजे मंझनपुर स्थित जिला उद्यान कार्यालय परिसर में आयोजित इस उद्घाटन व लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद, वे मंझनपुर के ब्लॉक परिसर में सरस हाट का शुभारंभ करेंगे और स्वयं सहायता समूहों को दुकानों का आवंटन करेंगे। डिप्टी सीएम डायट मैदान, मंझनपुर में स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का भी अवलोकन करेंगे। अपने दौरे के दौरान, मौर्य खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-23, पीएमएफएमई के उद्यमियों, डीआरपी (डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन) और उद्यमी मित्रों को प्रशस्ति पत्र वितरित करेंगे। रात्रि विश्राम के लिए उपमुख्यमंत्री कौशांबी के सिराथू स्थित अपने आवास पर रुकेंगे। अगले दिन, 2 फरवरी को, वे सयारा स्थित मां शीतला अतिथि गृह में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद, केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।