डिप्टी सीएम केशव मौर्य कल कुशीनगर आएंगे:विकास परियोजनाओं का निरीक्षण, पार्टी पदाधिकारियों से करेंगे बैठक

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 24 नवंबर को कुशीनगर जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उपमुख्यमंत्री मौर्य का आगमन कल सुबह 11:20 बजे कुशीनगर एयरपोर्ट पर होगा। इसके बाद वे बौद्ध मठ, कुशीनगर में दर्शन-पूजन करेंगे। सुबह 11:50 बजे वे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, रवींद्रनगरघूस, पडरौना में कोर कमेटी, पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत, वे जिले की विकासशील और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। दोपहर 12:30 बजे उपमुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय सभी विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश तथा जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ रहेंगे।