उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बांगरमऊ क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में आयोजित एक शताब्दी समारोह में शिरकत की। यह कार्यक्रम पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार के आवास पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर डिप्टी सीएम का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया। मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर उन्होंने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है, जो संघ परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने स्वयं को संघ की विचारधारा से पला-बढ़ा बताते हुए संघ के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। केशव मौर्य ने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है। उन्होंने भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया आशा भरी नजरों से भारत की ओर देख रही है। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि एक समय रायबरेली से इंदिरा गांधी ने बेईमानी से चुनाव जीता था। जब मामला न्यायालय पहुंचा तो जनादेश और संविधान की अवहेलना करते हुए देश पर आपातकाल थोप दिया गया। उन्होंने इसे देश के साथ बड़ी गद्दारी करार दिया। मौर्य ने कहा कि उस दौर में भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और देश के दुश्मनों से डटकर मुकाबला किया। संघ की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संघ की शाखा से निकले अटल बिहारी वाजपेयी देश के पहले और नरेंद्र मोदी दूसरे प्रधानमंत्री हैं, जो देश को विकास के पथ पर आगे ले जा रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार, भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कदम, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। कार्यक्रम के अंत में संघ द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘पंचनिष्ठा’ का विमोचन भी किया गया। डिप्टी सीएम करीब एक बजे मंच पर पहुंचे और लगभग एक घंटे तक कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद दोपहर करीब दो बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिनेश जी, स्वांत रंजन, अवधेश कटियार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में 11 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 20 महिलाओं को सिलाई मशीनें और लगभग 1100 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही क्रिटिकल, केएलएस मेमोरियल, मेदांता, मैक्स, अपोलो एवं फॉर्च्यून अस्पताल लखनऊ तथा फॉर्च्यून अस्पताल कानपुर की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के भाई राजेश पाठक, सहकारी संघ से अरुण सिंह, संजीव चौधरी, विवेक पटेल, बालाराव गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।