जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने देर रात दी किसान सहकारी शुगर मिल, बागपत का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल परिसर में विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में, जिलाधिकारी ने किसान कैंटीन का दौरा किया और वहाँ की साफ-सफाई तथा भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मिल में आने-जाने वाले वाहनों पर लगे रिफ्लेक्टर की स्थिति भी जांची और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने गन्ना तोल केंद्र और उससे संबंधित अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित करने तथा किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। डीएम ने मिल कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को मिल पर आने के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने किसानों की सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। जिलाधिकारी ने गन्ना लेकर मिल पहुंचे किसानों से भी बातचीत की। उन्होंने किसानों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जाएगा तथा उन्हें कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।