‘डॉक्टर साहब इलाज कर दो, इसी सांप ने काटा है’:मथुरा में ई-रिक्शा चालक जैकेट में सांप छिपाकर अस्पताल पहुंचा, वार्ड में मची अफरा-तफरी

मथुरा में एक ई-रिक्शा चालक सांप के काटने के बाद उसे अपनी जैकेट में छिपाकर जिला अस्पताल पहुंच गया। सोमवार को हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही चालक ने इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों के सामने जैकेट से सांप बाहर निकाला, वहां मौजूद मरीज, तीमारदार और स्टाफ घबरा गए। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक दीपक राजपूत वृंदावन में ई-रिक्शा की बैटरी लेने गए थे। लौटते समय अचानक एक सांप उनके ई-रिक्शा पर चढ़ गया और उनके हाथ की उंगली में काट लिया। सांप के काटते ही दीपक ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और बिना घबराए अपनी जैकेट के अंदर रख लिया। इसके बाद वह सीधे इलाज के लिए मथुरा जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचते ही दीपक ने डॉक्टरों को बताया कि उसे सांप ने काटा है और वही सांप उनके पास मौजूद है। यह कहते हुए उन्होंने जैकेट के अंदर से सांप निकाल लिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुशील कुमार ने बताया कि सबसे पहले दीपक से सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर छोड़ने के लिए कहा गया। इसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में सांप को एक डिब्बे में बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल ई-रिक्शा चालक दीपक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे दिन अस्पताल परिसर में होती रही।