डॉ. अदील ने उमर के साथ सीक्रेट मीटिंग की थी:सहारनपुर-लखनऊ में ATS का डेरा; पाकिस्तान जा रहा यूपी का युवक बॉर्डर पर पकड़ा गया

दिल्ली ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियां एक्शन मोड में हैं। यूपी में जगह-जगह कार्रवाई हो रही है। एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (ATS) की टीमों ने सहारनपुर और लखनऊ में डेरा डाल रखा है। रविवार को लखनऊ से 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया। आरोपी भाई-बहन हैं, जो पारा इलाके के कुंदन विहार में रहते थे। सूत्रों का कहना है कि दोनों का ब्लास्ट मामले से कनेक्शन मिला है। वहीं, सहारनपुर ARTO में एटीएस की टीम पिछले 3 दिनों से गाड़ियों का डेटा जुटा रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली धमाके के बाद जो 32 गाड़ियां पकड़ी गई हैं, उनमें से अधिकतर सहारनपुर की हैं। इस बीच भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जैसलमेर में एक यूपी के युवक को पकड़ा गया है। मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में BSF ने 192 आरडी नहरी क्षेत्र के पास घूम रहे एक युवक को संदिग्ध हरकतों के चलते रोका और पूछताछ की। वो पाकिस्तान जाने की फिराक में था। उसकी पहचान पंकज कश्यप (21), निवासी शाहजहांपुर के रूप में हुई है। दूसरी ओर, जांच एजेंसियों की पड़ताल में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया गया कि 31 अक्टूबर को डॉ. अदील और उमर के बीच फरीदाबाद में सीक्रेट मीटिंग हुई थी। मीटिंग उमर के कमरे पर हुई थी। दोनों के साथ डॉ. मुजम्मिल भी था। तीनों ने आतंकी साजिश को अंजाम देने को लेकर बात की। डॉ. शाहीन से भी कॉल पर बात हुई। इसके बाद डॉ. आदिल 1 नवंबर को सहारनपुर लौट आया। इधर, 6 नवंबर को अदील के जम्मू-कश्मीर वाले घर एटीएस पहुंच गई। घरवालों ने इसकी सूचना अदील को दी। फिर उसने डॉ. मुजम्मिल, डॉ. उमर को इसके बारे में बताया। इसके बाद मोबाइल से कॉल हिस्ट्री और अन्य डेटा डिलीट किया। 6 नवंबर को वह अस्पताल से घर जाने की बात कहकर निकला। लेकिन, रेस्टोरेंट में खाना खाने के दौरान एटीएस ने उसे पकड़ लिया। अब तक क्या-क्या पता चला? जांच से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…