डॉ. आंबेडकर पुतला अपमान मामला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार:थाने में गिड़गिड़ाते हुए मांगी माफी, भेजा गया जेल

वाराणसी पुलिस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के पुतले से अभद्र व्यवहार करने के मुख्य आरोपी वीरेंद्र उर्फ शेरू मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसे शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे बाबतपुर चौराहे से उस समय पकड़ा गया, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया। यहां वह डॉ. आंबेडकर के चित्र के सामने दंडवत होकर हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा। दरअसल, यह घटना तीन दिन पहले नथईपुर गांव में हुई थी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के करमपुर निवासी वीरेंद्र उर्फ शेरू मिश्रा, गांगकला निवासी गुलाब राजभर और सतीश सिंह ने डॉ. आंबेडकर के पुतले पर थूका और उसे आग लगा दी थी। घटना के बाद आजाद समाज पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भीम आर्मी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बाबतपुर–जमालापुर मार्ग पर करीब चार घंटे तक चक्का जाम किया था। डीसीपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। गुरुवार को दो अन्य आरोपी गुलाब राजभर और सतीश सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद मुख्य आरोपी शेरू मिश्रा की तलाश तेज कर दी गई थी। शनिवार को कठिराव पुलिस चौकी प्रभारी सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे बाबतपुर चौराहे से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Act) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शेरू मिश्रा ने पुलिस और डॉ. आंबेडकर के चित्र के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कही। पुलिस ने आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।