अमेठी में 4 बदमाशों ने गंडासे से वार करके तांत्रिक का सिर धड़ से अलग किया। फिर सिर को ईंटों से बांधकर कुएं में फेंक दिया था। धड़ को नाले में डाल दिया था। पुलिस ने वारदात के 4 दिन बाद मामले का खुलासा किया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से 4 मोबाइल, मृतक के कपड़े, ईंटें समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। वारदात के दिन धड़ बरामद हो गया था। रविवार को आरोपियों की निशानदेही पर कुएं से सिर निकाला गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मुख्य आरोपी ने कहा- मैं और मेरी मां तांत्रिक से झाड़-फूंक करा रहे थे। बहुत पैसे खर्च हो गए, लेकिन तबीयत बिगड़ती चली गई। तांत्रिक लगातार पैसे मांग रहा था, न देने पर जिन्न छोड़ने की धमकी दी। इसी से परेशान होकर बहाने से उसे बुलाकर मार डाला। मामला जायस थाना क्षेत्र का है। अब पढ़िए पूरा मामला… 8 जनवरी की सुबह जायस थाना क्षेत्र के मोजमगंज पुल के पास प्रतापगढ़ निवासी व्यवसायी और तांत्रिक विजय सिंह का धड़ नाले के किनारे मिला था। सिर का पता नहीं चला था। घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस समेत पुलिस की 4 टीमें हत्यारों की तलाश में लगाई गई थीं। पुलिस ने जांच शुरू की तो 4 लोगों के नाम सामने आए। मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली। इसी आधार पर घटना को अंजाम देने वाले 4 आरोपी राजन सोनकर उर्फ निरहू, सौरभ सोनकर, प्रदीप उर्फ तूफानी सोनकर और अजय सोनकर को गिरफ्तार किया गया। चारों आरोपी जायस कस्बे के मोहल्ला गोरियाना के रहने वाले हैं। अब पढ़िए आरोपी का कबूलनामा… झाड़-फूंक और पैसों के विवाद में रची साजिश
पूछताछ में मुख्य आरोपी राजन सोनकर उर्फ निरहू ने बताया- वह और उसकी मां तांत्रिक विजय सिंह से झाड़-फूंक कराते थे। झाड़-फूंक के बाद उसकी तबीयत और बिगड़ने लगी। साथ ही काफी पैसा भी खर्च हो गया। इसके बावजूद तांत्रिक द्वारा लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। जिन्न-भूत छोड़ने की धमकी दी
राजन ने बताया कि पैसे देने से मना करने पर विजय सिंह ने उस पर जिन्न-भूत छोड़ने की धमकी दी। जिससे परेशान होकर उसने अपने साथियों सौरभ, प्रदीप और अजय के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 7 जनवरी की रात एक ओमनी वैन किराए पर ली। शाम को जायस रेलवे स्टेशन रोड पर राजन की मुलाकात विजय सिंह से हुई। वैन में सवार होकर निकले और मार डाला
बातचीत के दौरान विजय सिंह ने देवा शरीफ चलने की बात कही, जिस पर राजन तैयार हो गया। रात करीब 10 बजे सभी आरोपी वैन में सवार होकर निकले और योजना के तहत मोजमगंज पुल के पास पहुंचे। वहां गाड़ी में रखे गंडासे से हमला कर विजय सिंह की गर्दन धड़ से अलग कर दी। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने धड़ को नाले में फेंक दिया, जबकि सिर को बोरी में ईंटों के साथ भरकर अपने घर के पास गदहिया तालाब के पास पुराने कुएं में डाल दिया। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया- मामले के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। ————————— ये खबर भी पढ़ें बहराइच में मां-दो बेटियों की लाश मिली, पिता बोले- 3 बेटियां थीं, बेटे के लिए ससुरालवाले ताना मारते थे बहराइच में मां और दो मासूम बेटियों के शव तालाब में मिले हैं। महिला की 12 साल पहले शादी हुई थी। उसकी तीन बेटियां ही थीं। पिता का आरोप है कि बेटा नहीं होने पर ससुराल के लोग उसे ताने मारते थे। शनिवार देर रात में पुलिस ने तीनों शव तालाब से बरामद किए। यह मामला पयागपुर कस्बे का है। महिला ने बेटियों के साथ आत्महत्या की या हत्या हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पूरी खबर पढ़ें